कनाडा से मसूर एवं मटर के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी

10-Feb-2025 06:27 PM

विनीपेग । मसूर एवं मटर के अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश कनाडा से इन दोनों दलहनों के निर्यात का प्रदर्शन इस वर्ष  बेहतर देखा जा रहा है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के शुरूआती पांच महीनों में यानी अगस्त-दिसम्बर 2024 के दौरान कनाडा से मसूर का कुल निर्यात बढ़कर 10.83 लाख टन पर पहुंच गया जो वर्ष 2023 की समान अवधि के शिपमेंट 8.50 लाख टन से 2.33 लाख टन अधिक रहा।

वैसे कनाडा से मसूर का निर्यात नवम्बर 2024 के 2.66 लाख टन से 13 हजार टन गिरकर दिसम्बर 2024 में 2.53 लाख टन रह गया। दिसम्बर में कनाडा से तुर्किए  को सर्वाधिक 68 हजार टन, भारत को 63 हजार टन तथा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 34 हजार टन मसूर का निर्यात किया गया जबकि शेष शिपमेंट अन्य देशों को हुआ।

जहां तक मटर का सवाल है तो कनाडा से नवम्बर की तुलना में दिसम्बर के दौरान इसका निर्यात 2.01 लाख टन से घटकर 1.71 लाख टन पर अटक गया लेकिन अगस्त-दिसम्बर के पांच महीनों में यह आंकड़ा 2023 के 12.30 लाख टन से बढ़कर 14.38 लाख टन पर पहुंच गया।

कनाडा से दिसम्बर 2024 के दौरान बांग्ला देश को 94,224 टन, चीन को 22,860 टन तथा भारत को 22,792 टन मटर का शिपमेंट किया गया। भारत में सिर्फ पीली मटर का आयात होता है। 

लेकिन काबुली चना का निर्यात प्रदर्शन कुछ कमजोर चल रहा है। वहां से नवम्बर में 20,443 टन काबुली चना का निर्यात हुआ था जबकि दिसम्बर में यह आंकड़ा 20,053 टन तक ही पहुंच सका।

दिसम्बर 2024 में वहां से पाकिस्तान को 6087 टन, तुर्किए को 3423 टन तथा अमरीका को 2105 टन काबुली चना का निर्यात किया गया।

अगस्त-दिसम्बर 2023 में कनाडा से 97,850 टन काबुली चना का निर्यात हुआ था जो अगस्त-दिसम्बर 2024 में घटकर 73,236 टन रह गया।