कनाडाई मसूर एवं मटर के निर्यात में चुनौतियां बरकरार
07-Jan-2026 03:57 PM
विनीपेग। कनाडा से मसूर एवं मटर के निर्यात में चुनौतियां एवं बाधाएं बरकरार हैं। व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि ये चुनौतियां न केवल जनवरी में कायम रहेगी बल्कि आगामी महीनों में भी इसका सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
पश्चिमी कनाडा में दलहनों का भाव नीचे स्तर पर स्थिर बना हुआ है और निकट भविष्य में इसमें ज्यादा तेजी आना मुश्किल लगता है।
चीन में कनाडा मटर पर 100 प्रतिशत तथा भारत में पीली मटर पर 30 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा हुआ है। तुर्की में मसूर के आयात की गति धीमी चल रही है।
चीन और तुर्की में कुल मिलाकर दलहनों का आयात 2025-26 के सीजन में बढ़ा है मगर वहां कनाडाई उत्पादक की भागीदारी घट गई है। इससे कनाडा के उत्पादक भी चिंतित हैं।
कनाडा में हरी मसूर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है लेकिन लाल मसूर के साथ ज्यादा समस्या देखी जा रही है। स्टॉक घटने में लम्बा समय लग सकता है और तब तक कीमतों पर दबाव रहने की संभावना है।
इस बीच अप्रैल-मई में इन दलहनों की वहां बिजाई शुरू हो जाएगी। ऐसा प्रतीत होता है कि चालू मार्केटिंग सीजन के अंत में कनाडा में मटर और मसूर के बकाया अधिशेष स्टॉक में अच्छी बढ़ोत्तरी हो सकती है।
समीक्षकों के अनुसार ऊंचे बकाया स्टॉक एवं कमजोर भाव के कारण कनाडा में मसूर एवं मटर की अगली बिजाई में कमी आ सकती है।
6 जनवरी के समाप्त हुए सप्ताह के दौरान कनाडा में मसूर का डिलीवरी मूल्य क्वालिटी के आधार पर लेयर्ड के लिए 11.50 से 26 सेंट प्रति पौंड, एस्टॉन का 14.00 से 24.50 सेंट प्रति पौंड तथा रिचली के लिए 9.50 से 22 सेंट प्रति पौंड के बीच रहा जबकि क्रिमसन का दाम 12-23 सेंट प्रति पौंड के बीच दर्ज किया गया।
