केन्द्र सरकार द्वारा 2024-25 सीजन के लिए 34 करोड़ टन खाद्यान्न सहित अन्य फसलों के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित

27-May-2024 11:37 AM

नई दिल्ली । केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के सम्पूर्ण सीजन (खरीफ + रबी + जायद) के लिए कुल 34 करोड़ टन खाद्यान्न (दलहन सहित), 44750 लाख टन तिलहन, 350 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) कपास तथा 105 लाख गांठ (180 किलो की प्रत्येक गांठ) जूट एवं मेस्टा के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मंत्रालय ने खाद्यान्न का जो लक्ष्य नियत किया है उसमें खरीफ सीजन के लिए 1599.70 लाख टन, रबी सीजन के लिए 1640 लाख टन तथा जायद (ग्रीष्मकालीन) तिलहन एवं कुछ मोटे अनाजों का उत्पादन तीनों सीजन में होता है।

कृषि मंत्रालय द्वारा 2024-25 सीजन के लिए 1363 लाख टन चावल, 1150 लाख टन गेहूं, 388.50 लाख टन मक्का एवं 22.50 लाख टन जौ के उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा 181 लाख टन श्री अन्न (ज्वार, बाजरा रागी आदि) तथा 299 लाख टन दलहन के उत्पादन का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है। श्री अन्न के उत्पादन का लक्ष्य खरीफ सीजन में 143.70 लाख टन, रबी सीजन में 26 लाख टन तथा ग्रीष्मकालीन (जायद) सीजन में 11.30 लाख टन नियत किया गया है।

इस तरह मोटे अनाजों का कुल उत्पादन लक्ष्य 592 लाख टन निर्धारित किया गया है जिसमें अन्य सभी किस्मों के मोटे अनाज सम्मिलित हैं। 

दलहन फसलों के संवर्ग में कृषि मंत्रालय ने 45 लाख टन अरहर (तुवर), 30.50 लाख टन उड़द, 42.50 लाख टन मूंग, 136.50 लाख टन चना एवं 16.50 लाख टन मसूर के उत्पादन का लक्ष्य नियत किया है।

खरीफ कालीन दलहन फसलों का उत्पादन लक्ष्य 95 लाख टन, रबी कालीन दलहनों का 181.50 लाख टन एवं ग्रीष्मकालीन दलहनों का उत्पादन लक्ष्य 22.50 लाख टन निर्धारित किया गया है। 

जहां तक तिलहन फसलों का सवाल है तो इसके अंतर्गत 138 लाख टन सरसों, 106.50 लाख टन मूंगफली तथा 158 लाख टन सोयाबीन सहित कुल 447.50 लाख टन का उत्पादन लक्ष्य नियत किया गया है।

खरीफ सीजन के लिए 283.70 लाख टन, रबी सीजन के लिए 150.30 लाख टन एवं जायद सीजन के लिए 13.50 लाख टन तिलहनों का उत्पादन लक्ष्य नियत हुआ है। खरीफ कालीन फसलों की बिजाई जल्दी ही आरंभ होने वाली है।