Home News
18-Nov-2026 12:56 PM
नई दिल्ली। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधीनस्थ केन्द्रीय पूल में चालू माह (नवम्बर) के आरंभ में 817.62 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद था जो 1 अक्टूबर 2026 को उपलब्ध स्टॉक 840.79 लाख टन से 23.17 लाख टन कम मगर 1 नवम्बर 2025 को मौजूद स्टॉक 643.18 लाख टन से 174.44 लाख टन ज्यादा है। इससे पूर्व नवम्बर 2024 में 519.26 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक बचा हुआ था जो नवम्बर 2026 की तुलना में 298.06 लाख टन कम था।
नवम्बर 2025 के मुकाबले नवम्बर 2026 के आरंभ में केन्द्रीय पूल में चावल का स्टॉक 335.91 लाख टन से बढ़कर 370.04 लाख टन तथा गेहूं का स्टॉक 307.27 लाख टन से उछलकर 447.58 लाख टन पर पहुंच गया। इसी तरह मोटे अनाजों का स्टॉक भी 2.04 लाख टन से बढ़कर 3.40 लाख टन पर पहुंचा मगर धान का स्टॉक 309.07 लाख टन से घटकर 272 लाख टन रह गया।
खरीफ कालीन धान की सरकारी खरीद जारी है लेकिन इसकी गति कुछ धीमी देखी जा रही है। दक्षिणी राज्यों में धान की फसल कमजोर है जबकि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उड़ीसा एवं बिहार जैसे राज्यों में खरीद की रफ्तार अभी जोर नहीं पकड़ पाई है। पंजाब, हरियाणा तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धान की जोरदार सरकारी खरीद हो रही है और वहां फसल की हालत भी अच्छी बताई जा रही है।
जहां तक गेहूं का सवाल है तो केन्द्रीय पूल में इसका पर्याप्त स्टॉक मौजूद है लेकिन फिर भी घरेलू बाजार भाव तेज बना हुआ है। रबी सीजन के इस सर्वाधिक महत्वपूर्ण खाद्यान्न की बोआई पहले ही शुरू हो चुकी है लेकिन रफ्तार में अपेक्षित तेजी नहीं है। इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 2610 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।