Home News
18-Nov-2026 12:08 PM
इंदौर। एक अग्रणी उद्योग संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) के नवीनतम मासिक विवरण से पता चलता है कि 1 नवम्बर 2026 को देश में कुल 95.84 लाख टन के समतुल्य सोयाबीन का स्टॉक बचेगा जो इसके कुल सीजनल उत्पादन एवं उपयोग के संभावित आंकड़ों पर आधारित है।
सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी अभी समाप्त नहीं हुई है जबकि कमजोर फसल के कारण इसका मंडी भाव काफी मजबूत बना हुआ है। प्लांट डिलीवरी मूल्य तो उछलकर 7500 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच चुका है। आगे इसमें और भी तेजी आने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
सोपा की रिपोर्ट के अनुसार 2026-27 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान 8.31 लाख टन के पिछला बकाया स्टॉक, 107.93 लाख टन के अनुमानित उत्पादन तथा 10 लाख टन के संभावित आयात के साथ देश में सोयाबीन की कुल उपलब्धता 126.24 लाख टन पर पहुंचेगी। इसमें से 10 लाख टन का स्टॉक अगले सीजन की बिजाई के लिए आरक्षित रखा जाएगा।
सोपा के अनुसार अक्टूबर 2026 के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर मंडियों में करीब 20 लाख टन सोयाबीन की आपूर्ति हुई। इसमें से महज 10 लाख टन की क्रशिंग-प्रोसेसिंग तथा 50 हजार टन की सीधी खपत हो सकी। अक्टूबर में सोयाबीन का कोई निर्यात नहीं हुआ। इस तरह कुछ संभावित आपूर्ति एवं खपत को देखते हुए 1 नवम्बर 2026 को देश में 95.84 लाख टन का स्टॉक आंका जा रहा है।