कोपरा के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को मंजूरी

21-Dec-2024 01:00 PM

नई दिल्ली । आर्थिक मामलों की केन्द्रीय कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने वर्ष 2025 के सीजन हेतु कोपरा के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है। इसके तहत सामान्य औसत क्वालिटी के मिलिंग कोपरा का एमएसपी वर्ष 2024 के 11,160 रुपए प्रति क्विंटल से 422 रुपए या 3.8 प्रतिशत बढ़ाकर 11,582 रुपए प्रति क्विंटल तथा बॉल कोपरा का एमएसपी 12,000 रुपए प्रति क्विंटल से 100 रुपए या करीब 1 प्रतिशत बढ़ाकर 12,100 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है। इससे करीब 855 करोड़ रुपए का वित्तीय भार पड़ने की संभावना है। 

उल्लेखनीय है कि मिलिंग कोपरा का एक्सट्रैक्शन करके नारियल तेल का निर्माण किया जाता है जबकि बॉल या खाद्य कोपरा से गरी गोला बनाया जाता है। मिलिंग कोपरा का उत्पादन मुख्यत: केरल तथा तमिलनाडु में होता है जबकि कर्नाटक बॉल कोपरा का प्रमुख उत्पादक राज्य है। 

सरकार का कहना है कि कोपरा के एमएसपी में की गई यह बढ़ोत्तरी कृषि लागत एवं मूल्य आयोग (सीएसीपी) के सुझाव तथा प्रमुख नारियल उत्पादक राज्यों के विचार पर आधारित है।

इससे कोपरा के उत्पादकों को अखिल भारतीय स्तर पर भारित औसत उत्पादन खर्च से ऊपर कम से कम 50 प्रतिशत का मार्जिन (लाभ) सुनिश्चित हो सकेगा।

पिछले एक दशक के दौरान कोपरा के न्यूनतम समर्थन मूल्य में दोगुनी से अधिक की बढ़ोत्तरी की गई है। वर्ष 2014-15 में यह समर्थन मूल्य मिलिंग कोपरा के लिए 5250 रुपए प्रति क्विंटल तथा बॉल कोपरा के लिए 5500 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया था एनसीसीएफ तथा नैफेड को किसानों से समर्थन मूल्य पर कोपरा खरीदने का दायित्व सौंपा गया है।