कपास का घरेलू उत्पादन 324 लाख गांठ होने का अनुमान

14-Apr-2026 07:54 PM

नई दिल्ली। एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएआई) ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के लिए कपास के घरेलू उत्पादन अनुमान को संशोधित करते हुए 324 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) निर्धारित किया है जो गत माह के अनुमान 320.50 लाख गांठ से 3.50 लाख गांठ तथा 2024-25 सीजन के उत्पादन 312.40 लाख गांठ से 11.60 लाख गांठ अधिक है। 

हालांकि एसोसिएशन ने गुजरात एवं मध्य प्रदेश में कपास के उत्पादन अनुमान में कटौती कर दी है मगर  महाराष्ट्र में उत्पादन का अनुमान इससे भी ज्यादा बढ़ा दिया है।

महाराष्ट्र में कपास का उत्पादन अनुमान 7 लाख गांठ बढ़ाकर अब 105 लाख गांठ नियत किया गया है जबकि पहले 98 लाख गांठ आंका गया था। 2024-25 के सीजन में महाराष्ट्र में 91 लाख गांठ कपास का उत्पादन हुआ था।

दूसरी ओर एसोसिएशन ने गुजरात में कपास के उत्पादन का अनुमान 75 लाख गांठ से 3 लाख गांठ घटाकर अब 72 लाख गांठ निर्धारित किया है जो 2024-25 सीजन के अनुमानित उत्पादन 77 लाख गांठ से 5 लाख गांठ कम है। इस तरह महाराष्ट्र देश में कपास का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य बना रहेगा।

एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश में भी कपास का उत्पादन अनुमान 18 लाख गांठ से 50 हजार गांठ घटाकर अब 17.50 लाख गांठ निर्धारित किया है जो 2024-25 सीजन के अनुमानित उत्पादन 19 लाख गांठ से 1.50 लाख गांठ कम है। 

उत्तरी जोन (पंजाब, हरियाणा एवं राजस्थान) में कपास के उत्पादन का अनुमान गत वर्ष के 29.55 लाख गांठ से घटाकर अब 29 लाख गांठ नियत किया गया है जबकि मध्यवर्ती क्षेत्र (महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश) का उत्पादन आंकड़ा 187 लाख गांठ से बढ़ाकर 194.50 लाख गांठ तथा दक्षिणी राज्यों

(तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक एवं तमिलनाडु) में 90 लाख गांठ से बढ़ाकर 95 लाख गांठ नियत किया गया है। उड़ीसा में 3.50 लाख गांठ तथा देश के अन्य राज्यों में 2 लाख गांठ कपास के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है।