मई के लिए मलेशियाई सीपीओ पर 10 प्रतिशत का निर्यात शुल्क नियत

14-Apr-2026 08:00 PM

कुआलालम्पुर। मलेशिया सरकार ने मई 2026 में शिपमेंट के लिए क्रूड पाम तेल (सीपीओ) पर निर्यात  शुल्क को बढ़ाकर 10 प्रतिशत निर्धारित कर दिया है जो इसके रेफरेंस मूल्य 4521.89 रिंगिट प्रति टन पर आधारित है। इससे पूर्व अप्रैल के लिए रेफरेंस मूल्य 3935.19 रिंगिट प्रति टन आंका गया था और उसके आधार पर सीपीओ पर 9.5 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लगाया गया था। 

दरअसल मलेशिया में एक निश्चित फार्मूला या नियम के आधार पर सीपीओ के निर्यात शुल्क में कमी या वृद्धि की जाती है। इसके तहत यदि क्रूड पाम तेल का रेफरेंस मूल्य 2250 रिंगिट प्रति टन या उससे नीचे रहता है तो उस पर कोई निर्यात शुल्क नहीं लगता है।

इसके बाद 2250 से 2400 रिंगिट प्रति टन के रेफरेंस मूल्य पर 3 प्रतिशत, 2401-2550 के मूल्य पर 4.5 प्रतिशत 2551-2700 रिंगिट के मूल्य पर 6 प्रतिशत का शुल्क लगाया जाता है। इसी तरह रेफरेंस मूल्य में प्रत्येक 150 रिंगिट की वृद्धि होने पर निर्यात शुल्क 0.5 प्रतिशत बढ़ जाता है जबकि 4050 रिंगिट से ऊपर रेफरेंस मूल्य पर 10 प्रतिशत का निर्यात शुल्क लागू होता है।