कृषि मंत्री का दावा- देश में खाद्यान्न की कोई कमी नहीं होगी
16-Sep-2025 12:15 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा है कि देश में खाद्यान्न, फसलों एवं सब्जियों की कोई कमी नहीं होगी और सरकार भारत को दुनिया का 'फूड बास्केट' बनाने का हर संभव प्रयास करेगी।
कृषि मंत्री का कहना था कि भारतीय किसानों एवं कृषि वैज्ञानिको के अथक परिश्रम तथा सरकार की अनुकूल एवं उपयोगी नीति के कारण देश में कृषि क्षेत्र का विकास 3.7 प्रतिशत की दर से हो रहा है जो दुनिया में सबसे ऊंचा है।
15 सितम्बर को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन- रबी अभियान 2025' को सम्बोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि नकली या मिलावटी घटिया बीज,
उर्वरक एवं कीटनाशी रसायनों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और केवल ऐसे जैविक अनुकूलता वाले सामानों को बेचने की अनुमति दी जाएगी जो गुणवत्ता के सभी मानदंडों पर पूरी तरह खरा उतर सके।
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कृषि सम्मेलन की थीम है- 'वन नेशन, वन एग्रीकल्चर- वन टीम।' कृषि क्षेत्र में समेकित प्रगति एवं भागीदारी को बढ़ाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण एकीकृत प्रयास साबित हो सकता है।
रबी अभियान 2025 का दो दिवसीय आयोजन 15-16 सितम्बर को ऐसे समय में किया गया है जब खरीफ फसलों की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और रबी फसलों की बिजाई आरंभ होने वाली है।
कृषि मंत्री का कहना था कि सरकार की किसान हितैषी नीति से कृषक समुदाय को काफी राहत मिल रही है और उसे फसलों का उत्पादन बढ़ाने का प्रोत्साहन प्राप्त हो रहा है। खेती के मामले में केन्द्र तथा राज्य- एकताबद्ध हैं।
कृषि मंत्री के अनुसार अब मौसम का अनुमान लगाना सहज नहीं है इसलिए अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा योजना के दायरे में लाये जाने की जरूरत है।
अपने उद्घाटन भाषण में कृषि सचिव ने जानकारी दी कि इस दो दिवसीय आयोजन में छह समानान्तर सत्र आयोजित किए जा रहे हैं जिसमें तमाम बिंदुओं एवं पहलुओं पर गंभीर चर्चा की जाएगी।
