कृषि मंत्रालय को गेहूं का शानदार उत्पादन होने का भरोसा
27-Apr-2026 10:34 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय को भरोसा है कि पिछले साल की भांति चालू वर्ष के दौरान भी देश में गेहूं का शानदार उत्पादन होगा। मंत्रालय के मुताबिक बेमौसमी वर्षा एवं आंधी-तूफान से कहीं-कहीं फसल को थोड़ा-बहुत नुकसान हुआ है लेकिन इससे सकल पैदावार पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
इस बार गेहूं की ऐसी उन्नत एवं विकसित किस्मों की खेती अधिक क्षेत्रफल में हुई है जिसकी न केवल उपज दर ऊंची रहती है बल्कि जिससे प्रतिकूल मौसम को झेलने की ज्यादा क्षमता भी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह एक अग्रणी उद्योग संस्था-रोलर फ्लोर मिलर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 2025-26 के वर्तमान रबी सीजन में गेहूं का कुल घरेलू उत्पादन 1106.50 लाख टन होने का अनुमान व्यक्त किया जो 2024-25 सीजन के अनुमानित उत्पादन 1096.30 लाख टन से करीब 10 लाख टन ज्यादा है। फेडरेशन का कहना है कि मार्च-अप्रैल की प्राकृतिक आपदाओं से गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ।
ध्यान देने की बात है कि केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2024-25 के सीजन हेतु 1179.40 लाख टन एवं 2025-26 के सीजन के लिए 1202.10 लाख टन गेहूं के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया है।
फेडरेशन का गेहूं उत्पादन आंकड़ा सरकारी अनुमान से काफी छोटा है और आमतौर पर उसे ज्यादा सटीक तथा विश्वसनीय माना जा रहा है।
केन्द्रीय खाद्य सचिव इन दोनों आंकड़ों के बीच मौजूद विशाल अंतर को पाटने की जरूरत पर जोर दे रहे हैं ताकि घरेलू प्रभाग में गेहूं की आपूर्ति एवं उपलब्धता की सही जानकारी मिल सके, सरकारी खरीद का लक्ष्य नियत करने में कठिनाई न हो तथा निर्यात सहित अन्य उद्देश्यों के लिए नीतिगत निर्णय लेने में सहायता मिल सके। उनका मानना है कि गेहूं का वास्तविक उत्पादन 1100-1200 लाख टन के बीच होगा।
