मूंगफली के बिजाई क्षेत्र में 88 हजार हेक्टेयर की गिरावट

09-Sep-2026 05:47 PM

नई दिल्ली। खरीफ सीजन की एक प्रमुख तिलहन फसल- मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र इस बार 4 सितम्बर तक 49.61 लाख हेक्टेयर पर पहुंच सका जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 50.44 लाख हेक्टेयर से 83 हजार हेक्टेयर कम है। इस गिरावट में सबसे बड़ा योगदान गुजरात का रहा जो इस तिलहन का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है।

वहां इसका क्षेत्रफल पिछले साल के 22.02 लाख हेक्टेयर से 1.38 लाख हेक्टेयर घटकर इस बार 20.69 लाख हेक्टेयर रह गया। इसी तरह दूसरे सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान में मूंगफली का रकबा इस बार 11.24 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका जो गत वर्ष के बिजाई क्षेत्र 12.86 लाख हेक्टेयर से 1.62 लाख हेक्टेयर कम रहा।  

दूसरी ओर महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश एवं तेलंगाना सहित कुछ अन्य राज्यों में मूंगफली के उत्पादन क्षेत्र में बढ़ोतरी हुई है। महाराष्ट्र में इसका रकबा 1.35 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 1.40 लाख हेक्टेयर तथा तेलंगाना में 6 हजार एकड़ से उछलकर 12 हजार एकड़ पर पहुंच गया।