मूंगफली की बिजाई में किसानों की दिलचस्पी बरकरार

17-Jul-2025 03:25 PM

नई दिल्ली। न्यूनतम समर्थन मूल्य में अच्छी बढ़ोत्तरी होने तथा प्रमुख उत्पादक इलाकों में मौसम एवं मानसून की हालत अनुकूल रहने से किसान मूंगफली की बिजाई में अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

इसके फलस्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर इस महत्वपूर्ण तिलहन फसल का क्षेत्रफल गत वर्ष से करीब 5 लाख हेक्टेयर आगे चल रहा है। इस वर्ष 11 जुलाई तक देश में मूंगफली का कुल उत्पादन क्षेत्र 33 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल 28 लाख हेक्टेयर तक ही पहुंच पाया था।

ध्यान देने वाली बात है कि इस बार मूंगफली का पंचवर्षीय (सामान्य) औसत क्षेत्रफल 45.10 लाख हेक्टेयर आंका गया है जबकि वास्तविक, बिजाई 11 जुलाई तक 33 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंची थी। इसका मतलब है कि इसकी बिजाई अभी जारी रहेगी। 

मूंगफली के शीर्ष उत्पादक राज्यों में गुजरात, राजस्थान, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं तेलंगाना आदि शामिल है। महाराष्ट्र में भी इसका अच्छा उत्पादन होता है। आंध्र प्रदेश के रायल सीमा संभाग और खासकर अनंतपुर जिले में मूंगफली की अच्छी खेती होती है।

राष्ट्रीय स्तर पर बिजाई की मौजूद रफ्तार को देखते हुए प्रतीत होता है कि चालू माह के अंत या अगस्त के प्रथम सप्ताह तक मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र सामान्य औसत क्षेत्रफल के आसपास या उससे आगे पहुंच सकता है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में वर्तमान खरीफ सीजन के दौरान मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र गुजरात में 14 जुलाई तक 17.23 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 18.51 लाख हेक्टेयर, राजस्थान में 16 जुलाई तक 7.27 लाख हेक्टेयर से उछलकर 8.79 लाख हेक्टेयर तथा कर्नाटक में 11 जुलाई तक 1.17 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 1.68 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया। 

केन्द्र सरकार ने मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2024-25 सीजन के 6783 रुपए प्रति क्विंटल से 480 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 7263 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया है।