महाराष्ट्र और तेलंगाना में सोयाबीन तथा गुजरात में मूंगफली खरीद की अवधि बढ़ी

11-Feb-2025 04:01 PM

नई दिल्ली । केन्द्र सरकार ने महाराष्ट्र तथा तेलंगाना में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सोयाबीन की खरीद की अवधि बढ़ा दी है क्योंकि वहां किसानों के पास अब भी विपणन योग्य स्टॉक मौजूद है।

सोयाबीन खरीद की समय सीमा महाराष्ट्र में 24 दिन बढ़ाकर 24 फरवरी तक एवं तेलंगाना में 13 फरवरी दिन बढ़ाकर 15 फरवरी 2025 तक नियत किया गया है। किसानों को उचित मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। 

इसी तरह मूंगफली की सरकारी खरीद की समय सीमा गुजरात में 6 दिनों तथा कर्नाटक में 25 दिनों के लिए बढ़ाकर 15 फरवरी 2025 तक नियत किया गया है। 

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024-25 के वर्तमान खरीफ मार्केटिंग सीजन में 9 फरवरी 2025 तक राष्ट्रीय स्तर पर 8, 46, 251 किसानों से 19.99 लाख टन सोयाबीन तथा 4,75,183 किसानों से 15.73 लाख टन मूंगफली की रिकॉर्ड खरीद की गई। 

वर्ष 2024 में केन्द्र सरकार ने मूल्य समर्थन योजना के तहत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सोयाबीन तथा मूंगफली की खरीद को स्वीकृति दी थी।

सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4892 रुपए प्रति क्विंटल तथा मूंगफली का एमएसपी 6783 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है।

छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में सोयाबीन तथा मूंगफली की खरीद की गई।

नैफेड तथा एनसीसीएफ जैसी केन्द्रीय एजेंसियों को किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इन तिलहनों की खरीद का दायित्व सौंपा गया है। 

रिकॉर्ड सरकारी खरीद के बावजूद किसानों के पास अभी सोयाबीन एवं मूंगफली का भारी-भरकम स्टॉक पड़ा हुआ है।

चूंकि थोक मंडी भाव एमएसपी से काफी नीचे चल रहा है इसलिए किसान सरकार को अपना स्टॉक बेचने के लिए बेचैन हो रहे हैं।  तिलहनों की खरीद के लिए आमतौर पर 90 दिनों का समय नियत किया जाता है मगर आवश्यकता पड़ने पर इसे बढ़ा दिया जाता है।