मक्का अंतर्राष्ट्रीय बाजार
26-Jun-2026 08:17 AM
मक्का अंतर्राष्ट्रीय बाजार
जुलाई के पहले कुछ दिनों में अमेरिका के नेब्रास्का (NE), साउथ डकोटा (SD), आयोवा (IA), दक्षिणी मिनेसोटा (MN), विस्कॉन्सिन (WI) तथा पूर्वी कॉर्न बेल्ट (ECB) के उत्तरी हिस्सों में वर्षा सीमित रहने का अनुमान है। NOAA की 7-दिवसीय वर्षा रिपोर्ट के अनुसार पूर्वी कॉर्न बेल्ट के अधिकांश क्षेत्रों में 1 से 3 इंच तक बारिश हो सकती है। वहीं CPC के 8-14 दिन के पूर्वानुमान में पूरे अमेरिका में सामान्य से अधिक तापमान और पूर्वी कॉर्न बेल्ट में सामान्य से कम वर्षा की संभावना जताई गई है।
USDA की 18 जून को समाप्त सप्ताह की निर्यात बिक्री रिपोर्ट के अनुसार पुराने विपणन वर्ष के लिए मक्का की 7,43,097 मीट्रिक टन बिक्री दर्ज हुई। यह पिछले 6 सप्ताह का सबसे निचला स्तर रहा, लेकिन पिछले वर्ष की समान अवधि से थोड़ा अधिक था। सबसे बड़ा खरीदार मेक्सिको रहा, जिसने 3,07,300 मीट्रिक टन खरीदा। इसके अलावा जापान ने 1,61,700 मीट्रिक टन और कोलंबिया ने 98,400 मीट्रिक टन की खरीद की।
नए विपणन वर्ष के लिए 7,35,862 मीट्रिक टन की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में दोगुने से अधिक रही। इसमें मेक्सिको ने 2,95,500 मीट्रिक टन तथा जापान ने 2,50,000 मीट्रिक टन की खरीद की। 2026/27 के लिए कुल अग्रिम बिक्री अब 53.79 लाख मीट्रिक टन पर पहुंच गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49.7 प्रतिशत अधिक है।
एग्रोकंसल्ट ने ब्राजील के 2025/26 मक्का उत्पादन का अनुमान 36 लाख मीट्रिक टन बढ़ाकर 14.41 करोड़ मीट्रिक टन कर दिया है। दूसरी फसल (सफ्रिन्हा) का अनुमान भी 37 लाख मीट्रिक टन बढ़ाकर 11.58 करोड़ मीट्रिक टन किया गया है।
इंटरनेशनल ग्रेन्स काउंसिल (IGC) ने 2026/27 के लिए वैश्विक मक्का उत्पादन का अनुमान 1 करोड़ मीट्रिक टन बढ़ाया है, जबकि खपत में 90 लाख मीट्रिक टन की वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। वैश्विक मक्का भंडार 70 लाख मीट्रिक टन बढ़ाकर 29.8 करोड़ मीट्रिक टन कर दिया गया है, क्योंकि 2025/26 के भंडार में भी 60 लाख मीट्रिक टन की बढ़ोतरी की गई है।
