मक्का का उत्पादन लक्ष्य हासिल हो जाने की उम्मीद

09-Oct-2025 12:41 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने चालू खरीफ सीजन के दौरान 260 लाख टन मक्का के घरेलू उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया है और बिजाई क्षेत्र में हुई जबरदस्त बढ़ोत्तरी को देखते हुए वह लक्ष्य आसानी से हासिल हो जाने की उम्मीद है।

हालांकि कुछ क्षेत्रों में मक्का की फसल को थोड़ा-बहुत नुकसान हुआ है लेकिन शेष इलाकों में फसल की हालत काफी अच्छी है और वहां उपज दर ऊंची रहने की संभावना है जिससे कमी की भरपाई हो सकती है। 

केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार चालू खरीफ सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर मक्का का कुल बिजाई क्षेत्र उछलकर 94.95 लाख हेक्टेयर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया

जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 84.30 लाख हेक्टेयर से 10.65 लाख हेक्टेयर तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 78.95 लाख हेक्टेयर से 16 लाख हेक्टेयर ज्यादा है।

मक्का के बिजाई क्षेत्र में हुई यह शानदार बढ़ोत्तरी कोई अप्रत्याशित घटना नहीं है क्योंकि घरेलू मांग एवं खपत में लगातार हो रही भारी वृद्धि को देखते हुए इसका अनुमान पहले से ही लगाया जा रहा था।

किसानों को अपने उत्पाद की आकर्षक एवं लाभप्रद कीमत प्राप्त हो रही है सरकार ने भी मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2024-25 सीजन के 2225 रुपए प्रति क्विंटल से 175 रुपए बढ़ाकर 2025-26 सीजन के लिए 2400 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित कर दिया है। 

कृषि मंत्रालय के अनुसार 2024-25 के खरीफ सीजन में देश के अंदर करीब 248 लाख टन मक्का का उत्पादन हुआ था। बिजाई क्षेत्र में हुई जोरदार वृद्धि को देखते हुए 2025-26 के मौजूदा खरीफ सीजन में इसका कुल उत्पादन बढ़कर 260-270 लाख टन के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। इससे एथनॉल निर्माण उद्योग को राहत मिलने की उम्मीद है।