मक्का के वैश्विक उत्पादन में कमी आने का अनुमान
26-May-2026 06:50 PM
लंदन। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने मक्का का वैश्विक उत्पादन 2025-26 सीजन के 1.33 अरब टन से घटकर 2026-27 के सीजन में 1.30 अरब टन पर अटक जाने का अनुमान लगाया है। 2025-26 सीजन के लिए पहले 1.32 लाख टन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई थी।
मक्का के तीन शीर्ष उत्पादक देशों में अमरीका, चीन एवं ब्राजील शामिल हैं। इसके अलावा अर्जेन्टीना, भारत तथा यूक्रेन में भी बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन होता है।
अमरीका, ब्राजील, अर्जेन्टीना, यूक्रेन एवं रूस इसके प्रमुख निर्यातक देश हैं। कौंसिल के अनुसार मक्का की वैश्विक खपत 2025-26 के सीजन में 1.31 अरब टन आंकी गई है जो 2026-27 के सीजन में कुछ बढ़कर 1.316 अरब टन पर पहुंच सकती है।
खाद्य उद्देश्य के साथ-साथ मक्का की औद्योगिक खपत भी तेजी से बढ़ती जा रही है। 2026-27 के सीजन में उत्पादन से ज्यादा उपयोग होने के कारण मक्का के वैश्विक बकाया स्टॉक में कमी आने की संभावना है। मक्का का वैश्विक कारोबार 19.80 करोड़ टन से बढ़कर 20 करोड़ टन पर पहुंच सकता है।
