मलेशिया में पाम तेल का अधिशेष स्टॉक 22 लाख टन से ऊपर पहुंचा
10-Sep-2025 01:18 PM
कुआलालम्पुर। विशाल उत्पादन एवं कमजोर निर्यात प्रदर्शन के कारण मलेशिया में अगस्त 2025 के अंत में पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक बढ़कर 22 लाख टन से ऊपर पहुंच गया जो पिछले कई महीनों का सबसे ऊंचा स्तर है। विशाल स्टॉक के कारण क्रूड पाम तेल के बेंचमार्क वायदा मूल्य पर कुल दबाव पड़ने की संभावना है लेकिन भारत की अच्छी खरीद से कीमतों में ज्यादा गिरावट आना मुश्किल लगता है।
सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) की रिपोर्ट के अनुसार जुलाई की तुलना में अगस्त के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल का उत्पादन 2.35 प्रतिशत बढ़कर 18.55 लाख टन पर पहुंच गया। देश में अभी पाम तेल के उत्पादन का पीक सीजन चल रहा है।
दूसरी ओर समीक्षाधीन अवधि के दौरान देश से पाम तेल उत्पादों का सकल निर्यात 0.29 प्रतिशत गिरकर 13.25 लाख टन के करीब अटक गया। कुछ देशों में इसकी मांग कमजोर रही।
एम्पोब की रिपोर्ट के मुताबिक यद्यपि जुलाई के मुकाबले अगस्त में विदेशों से पाम तेल का आयात 19.66 प्रतिशत घटकर 49 हजार टन पर सिमट गया और घरेलू खपत में भी कुछ बढ़ोत्तरी हुई लेकिन फिर भी विशाल उत्पादन के कारण बकाया स्टॉक काफी बढ़ गया।
रिपोर्ट के अनुसार 31 अगस्त 2025 को मलेशिया में लगभग 22.03 लाख टन पाम तेल का अधिशेष स्टॉक मौजूद था जो 31 जुलाई 2025 को उपलब्ध स्टॉक से 4.18 प्रतिशत अधिक था।
इसके तहत समीक्षाधीन अवधि के दौरान क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का स्टॉक 5.45 प्रतिशत बढ़कर 10.77 लाख टन तथा प्रोसेस्ड पाम तेल (सीपीओ) का स्टॉक 3 प्रतिशत सुधरकर 11.26 लाख टन पर पहुंच गया।
इसी तरह पाम कर्नेल तेल का स्टॉक भी 3.13 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3.31 लाख टन पर पहुंच गया। त्यौहारी सीजन के कारण भारत में पाम तेल का भारी आयात हो रहा है।
