मानसून की बारिश सामान्य औसत से ज्यादा

30-Aug-2025 12:03 PM

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से ज्ञात होता है कि 27 अगस्त को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर सामान्य औसत से 37 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई जो मध्य जून के बाद सबसे ज्यादा है।

उससे पिछले सप्ताह भी सामान्य औसत से अधिक बारिश हुई थी। उल्लेखनीय है कि अगस्त के प्रथम पखवाड़े के दौरान मानसून की गतिशीलता एवं तीव्रता घट गई थी जिससे देश में कम बारिश हुई थी लेकिन दूसरे हाफ में अत्यधिक वर्षा होने से उसकी भरपाई हो गई। 

मौसम विभाग के मुताबिक 20 से 27 अगस्त के दौरान देश में 71.6 मि०मी० वर्षा हुई जो 52.3 मि०मी० के सामान्य औसत से 37 प्रतिशत अधिक रही। समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश के पश्चिमी तट एवं मध्यवर्ती भाग में अत्यधिक बारिश हुई जिससे इसका कुल स्तर बढ़ गया।

इस अवधि के दौरान पश्चिमोत्तर क्षेत्र में 95.7 मि०मी० वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य औसत 39.5 मि०मी० से 142 प्रतिशत अधिक रही। इसी तरह देश के मध्यवर्ती भाग में 79.08 मि०मी० वर्षा हुई जो सामान्य औसत से 35 प्रतिशत ज्यादा थी।

दूसरी ओर दक्षिणी प्रायद्वीप में सामान्य औसत की तुलना में कुल वर्षा 46 प्रतिशत घटकर 22 मि०मी० तथा पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में 10 प्रतिशत गिरकर 69.2 मि०मी० पर अटक गई। 

देश में कुल 36 मौसम सब डिवीजन हैं जिसमें से 10 में अत्यंत अत्यधिक बारिश हुई। इसमें छह उप भाग पश्चिमोत्तर भारत में स्थित हैं। इसके अलावा छह सब डिवीजन में अत्यधिक तथा 5 सब डिवीजन में सामान्य वर्षा दर्ज की गई।

दूसरी ओर 10 मौसम उप भाग में सामान्य से कम तथा 5 उप भाग में बहुत कम बारिश हुई। यह 20-27 अगस्त वाले सप्ताह का आंकड़ा है। 

मौसम विभाग के मुताबिक 1 जून से 27 अगस्त के दौरान देश में कुल 704.5 मि०मी० वर्षा हुई जो सामान्य औसत 672.1 मि०मी० से 5 प्रतिशत अधिक रही। मानसूनी वर्षा का दौर अभी देश के कई इलाकों में जारी है।