मार्च में खाद्य तेलों का आयात घटने की संभावना
25-Mar-2026 11:25 AM
मुम्बई। स्वदेशी वनस्पति तेल उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों का मानना है कि वैश्विक बाजार भाव में आई भारी तेजी तथा मिलिंग खर्च में हुई बढ़ोत्तरी के कारण चालू माह यानी मार्च 2026 में भारत में खाद्य तेलों का आयात घटकर 11 लाख टन के आसपास सिमट सकता है।
इसके तहत पाम तेल का आयात फरवरी के 8.48 लाख टन से गिरकर मार्च में 6.80 लाख टन रह जाने की संभावना व्यक्त की गई है। मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का वायदा भाव काफी ऊंचा हो गया है।
दूसरी ओर डॉलर के मुकाबले रुपए का भारी अवमूल्यन होने तथा सरकार द्वारा आधार आयात मूल्य (टैरिफ वैल्यू) में इजाफा किए जाने का असर भी खाद्य तेलों के आयात पर पड़ने की संभावना है। शिपमेंट खर्च काफी ऊंचा हो गया है।
विदेशों से खाद्य तेलों का आयात घटने से स्वदेशी तिलहन-तेल उत्पादकों को राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि रिफाइनर्स क्रशर्स-प्रोसेसर्स से तेल खरीदने पर जोर देंगे और क्रशर्स- प्रोसेसर्स किसानों से तिलहनों की खरीद बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
