मार्च में मलेशियाई पाम तेल के उत्पादन एवं निर्यात में वृद्धि
10-Apr-2025 12:39 PM
कुआलालम्पुर। दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित देश- मलेशिया में फरवरी के मुकाबले मार्च 2025 के दौरान पाम तेल के उत्पादन में अच्छी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई इसलिए निर्यात में थोड़ी वृद्धि होने के बावजूद मार्च के अंत में वहां पाम तेल का स्टॉक बढ़ गया।
इससे बीएमडी एक्सचेंज में सीपीओ के वायदा मूल्य पर दबाव कुछ बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है। पाम तेल का भाव अब भी सोयाबीन तेल एवं सूरजमुखी तेल की तुलना में आकर्षक या प्रतिस्पर्धी स्तर पर नहीं आ सका है।
सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) के नवीनतम मासिक आंकड़ों के अनुसार फरवरी के मुकाबले मार्च माह के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 16.76 प्रतिशत बढ़कर 13,87,193 टन पर पहुंच गया।
दरअसल मलेशिया में नवम्बर-दिसम्बर 2024 के दौरान भयंकर बाढ़ आने तथा बागानों में पानी भर जाने से जनवरी-फरवरी में पाम तेल का उत्पादन प्रभावित हुआ था। फरवरी की तुलना में मार्च में तीन दिन ज्यादा रहे और इससे भी उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिली।
एम्पोब की रिपोर्ट के अनुसार फरवरी के मुकाबले मार्च के अंत में मलेशियाई उद्योग के पास पाम तेल का कुल बकाया अधिशेष स्टॉक 3.52 प्रतिशत बढ़कर 15,62,586 टन पर पहुंचा।
हालांकि इस अवधि में क्रूड पाम तेल का स्टॉक 5.68 प्रतिशत गिरकर 7,79,233 टन पर अटक गया मगर प्रोसेस्ड पाम तेल (रिफाइंड पाम तेल एवं आरबीडी पामोलीन) का स्टॉक 14.63 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 7,83,353 टन पर पहुंच गया। इंडोनेशिया के विपरीत मलेशिया क्रूड पाम तेल के निर्यात संवर्धन पर ज्यादा ध्यान देता है।
इंडोनेशिया प्रोसेस्ड पाम तेल के निर्यात को प्रोत्साहित कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक मार्च के अंत में पाम कर्नेल तेल का स्टॉक 2.17 प्रतिशत गिरकर 2,70,437 टन पर अटक गया।
एम्पोब के अनुसार 2025 के दौरान मलेशिया से पाम तेल उत्पादों का कुल निर्यात सुधरकर 10,05,547 टन पर पहुंचा जो फरवरी के निर्यात से 0.91 प्रतिशत अधिक रहा मगर यह आंकड़ा उत्पादन के सापेक्ष बहुत छोटा आंका गया इसलिए घरेलू खपत सामान्य रहने तथा आयात में वृद्धि होने से पाम तेल का बकाया स्टॉक बढ़ गया।
मार्च में विदेशों से मलेशिया में पाम तेल का आयात 82.51 प्रतिशत उछलकर 1,21,886 टन पर पहुंच गया। मलेशिया से पाम तेल का सर्वाधिक निर्यात भारत को किया जाता है।
