माटो ग्रोसो में सोयाबीन फसल की कटाई की गति धीमी
07-Feb-2025 01:10 PM
सोरिसो । ब्राजील के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य- माटो ग्रोसो में बारिश होने तथा मौसम नम रहने से सोयाबीन फसल की कटाई की रफ्तार धीमी पड़ गई है लेकिन वर्षा से फसल को फायदा हुआ है और उसकी उपज दर में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 31 जनवरी तक इस राज्य में 12.2 प्रतिशत क्षेत्र में सोयाबीन फसल की कटाई हुई जो गत वर्ष की समान अवधि के 39.3 प्रतिशत से बहुत पीछे है।
दरअसल नम मौसम एवं बारिश की बौछार के बीच भी किसान अपनी फसल की कटाई जारी रखे हुए है। उसे उम्मीद है कि फसल को अभी सही तरीके से भंडारित किया जा सकता है जबकि आगे भारी वर्षा होने पर स्थिति बिगड़ सकती है।
सोयाबीन में नमी का अंश ज्यादा है और इसे घटाकर 13-14 प्रतिशत पर लाने के लिए इसको सुखाने की आवश्यकता पड़ेगी ताकि इसकी बेहतर क्वालिटी सुनिश्चित हो सके।
लेकिन समस्या यह है कि अनेक ग्रेन एलिवेटर्स के पास उच्च नमी वाली सोयाबीन की विशाल मात्रा में सुखाने के लिए पर्याप्त क्षमता मौजूद नहीं है। इसके फलस्वरूप एलिवेटर्स पर सोयाबीन की खेप उतारने की प्रतीक्षा में भारी संख्या में ट्रक कतार में खड़े हो गये हैं।
एक सरकारी संस्थान ने माटो ग्रोसो प्रान्त में सोयाबीन की औसत उपज दर बढ़कर 62.07 बोरी (60 किलो की प्रत्यके बोरी) प्रति हेक्टेयर या 55 बुशेल प्रति एकड़ की ऊंचाई पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो पिछले साल के सूखा प्रभावित उपज दर से 19 प्रतिशत ज्यादा है।
यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो माटो ग्रोसो में यह दूसरी सबसे ऊंची उपज दर होगी। माटो ग्रोसो ब्राजील में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है और वहां इस बार क्षेत्रफल में भी इजाफा हुआ है।
ऐसी हालत में अगर उत्पादकता दर में बढ़ोत्तरी हुई तो इस सर्वाधिक महत्वपूर्ण तिलहन का उत्पादन उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है।
वैसे भी 2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान समूचे ब्राजील में सोयाबीन का सकल उत्पादन बढ़कर 1690-1710 लाख टन के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है जो सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर है। सोयाबीन फसल की कटाई कुछ देर से शुरू हुई और अब भी इसकी गति धीमी देखी जा रही है।
