Home News

मटर की मांग मजबूत होने पर कीमतों में सुधार आने की उम्मीद

22-Sep-2026 04:32 PM

मटर की मांग मजबूत होने पर कीमतों में सुधार आने की उम्मीद

रेगिना। उद्योग व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों का कहना है कि आगामी महीनों के दौरान प्रमुख आयातक देशों में मटर की मांग मजबूत रहने की संभावना है जिससे इसकी कीमतों में तेजी का माहौल बन सकता है। कनाडा में बिजाई क्षेत्र घटने तथा प्राकृतिक आपदाओं का प्रकोप रहने से मटर का उत्पादन कम होने के पक्के आसार हैं।

दूसरी ओर भारत तथा चीन जैसे शीर्ष आयातक देशों में इसकी अच्छी मांग रहने की उम्मीद है। काला सागर का जलमार्ग सुरक्षित नहीं होने से रूस तथा यूक्रेन से मटर का निर्यात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अन्य एशियाई देशों में भी मटर का आयात बढ़ सकता है। 

कनाडा में मटर का उत्पादन पिछले साल के 39.30 लाख टन से लुढ़ककर इस बार 32.60 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है। वहां फसल की कटाई-तैयारी अभी जारी है। इसके तहत पीली मटर के उत्पादन में 19 प्रतिशत तथा हरी मटर के उत्पादन में 13 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना है। इसके फलस्वरूप पीली मटर का उत्पादन घटकर 25.60 लाख टन, हरी मटर का उत्पादन गिरकर 5.06 लाख टन तथा अन्य श्रेणी की मटर का उत्पादन फिसलकर 1.94 लाख टन रह जाने की उम्मीद है। 

एक विश्लेषक के अनुसार मटर की क्वालिटी को लेकर कोई गंभीर समस्या नहीं है क्योंकि बारिश शुरू होने से पूर्व इसकी 85-90 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी हो गई थी। उधर अमरीका में हरी मटर का उत्पादन 39 प्रतिशत घट गया है और वहां से इसके निर्यात की गति काफी धीमी देखी जा रही है।