मूंदड़ा बंदरगाह पर 19 नवम्बर को 31,240 टन ऑस्ट्रेलियाई चना पहुंचा

27-Nov-2024 04:17 PM

राजकोट । गुजरात के मूंदड़ा बंदरगाह पर ऑस्ट्रेलिया से देसी चना का आयात हो रहा है। प्राप्त सूचना के अनुसार 19 नवम्बर को टाओकास विजडम जहाज से 31,240 टन चना की खेप पहुंची। यह चना विभिन्न आयातक फर्मों द्वारा मंगाया गया। इसकी अलग-अलग मात्रा का विवरण भी उपलब्ध हो गया है।

जानकारों के मुताबिक एक आयातक ने 4200 टन, दूसरे ने 2100 टन एवं तीसरे ने भी 2100 टन चना मंगवाया। इसके अलावा विभिन्न आयातकों द्वारा 1050 टन, 5000 टन, 1000 टन, 950 टन, 1050 टन, 1050 टन, 980 टन एवं 1050 टन चना का आयात किया गया जिससे इसकी कुल मात्रा 31,240 टन पर पहुंच गई। 

ऑस्ट्रेलिया में नए चने की आवक शुरू हो चुकी है और इस बार उत्पादन भी शानदार होने के संकेत मिल रहे हैं जिससे वहां इसके निर्यात योग्य स्टॉक में बढ़ोत्तरी होगी। इधर भारत में देसी चना का बाजार भाव सरकारी समर्थन मूल्य से ऊंचा चल रहा है और आयात की उदार नीति भी लागू है इसलिए भारी मात्रा में इसे वहां से मंगाया जा सकता है।

ऑस्ट्रेलिया में नए माल की जोरदार आवक होने पर चना का भाव कुछ नरम पड़ने की संभावना है लेकिन यदि भारत, पाकिस्तान, बांग्ला देश तथा श्रीलंका सहित अन्य प्रमुख आयातक देशों की मांग मजबूत रही तो कीमतों में ज्यादा मंदी नहीं आ पाएगी।  

भारत सरकार ने चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2023-24 सीजन के 2440 रुपए प्रति क्विंटल से 210 रुपए बढ़ाकर 2024-25 के सीजन हेतु 5650 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि इसका थोक मंडी भाव 7000 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास या उससे ऊपर चल रहा है।

ऑस्ट्रेलिया से आयातित चना में अभी कुछ 'पड़ता' बैठ रहा है। इधर घरेलू प्रभाग में चना की जोरदार बिजाई जारी है और इसका क्षेत्रफल गत वर्ष से कुछ अधिक रहने का संभावना है। इसकी खेती में किसान अच्छी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।