मध्य जुलाई तक मानसून सक्रिय रहने की उम्मीद

26-Jun-2026 05:05 PM

नई दिल्ली। मौसम विभाग का कहना है कि जून में सुस्त रहने के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून जुलाई के मध्य तक अपनी बेहतर सक्रियता को कायम रख सकता है और उसके बाद फिर सुस्त पड़ सकता है।

मध्य जुलाई तक देश के विभिन्न भागों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है जिससे खरीफ फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में किसानों को अच्छी सहायता मिलेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 जून से 1 जुलाई के दौरान दक्षिण प्रायद्वीप के कई भागों तथा पूर्वोत्तर भारत में सामान्य या इससे अधिक बारिश हो सकती है जबकि देश के शेष हिस्सों में वर्षा सामान्य औसत से कम होने की संभावना है।

2 जुलाई से परिस्थितियों में सुधार का सिलसिला आरंभ हो सकता है। 2 से 8 जुलाई वाले सप्ताह के दौरान देश के लगभग सभी क्षेत्रों में सामान्य या उससे अधिक बारिश होने की उम्मीद है।

उस अवधि के दौरान बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भाग के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन का निर्माण हो सकता है जो मानसून को देश के आंतरिक भाग में पहुंचा देगा।