मध्य प्रदेश एवं महाराष्ट्र में सोयाबीन का रकबा घटा

10-Sep-2025 04:01 PM

नई दिल्ली। खरीफ सीजन की प्रमुख तिलहन- सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल की तुलना में इस बार काफी घट गया है। इसके तहत तीन शीर्ष उत्पादक राज्यों - मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में बिजाई कम क्षेत्रफल में हुई है।

राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 126.04 लाख हेक्टेयर में 5.72 लाख हेक्टेयर घटकर इस बार 120.32 लाख हेक्टेयर रह गया है। इससे उत्पादन में गिरावट आने की आशंका है। 

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले साल के मुकाबले चालू खरीफ सीजन के दौरान सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र मध्य प्रदेश में 53.40 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 50.80 लाख हेक्टेयर,

महाराष्ट्र में 51.10 लाख हेक्टेयर से घटकर 49.50 लाख हेक्टेयर तथा राजस्थान में 10.79 लाख हेक्टेयर से गिरकर 9.79 लाख हेक्टेयर पर अटक गया। कर्नाटक में पहले बिजाई घट रही थी  मगर अब  4.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा है जो गत वर्ष के बराबर ही है। तेलंगाना में बिजाई क्षेत्र गत वर्ष से कुछ पीछे रह गया। 

मूंगफली की बिजाई गत वर्ष के 47.49 लाख हेक्टेयर से सुधरकर इस बार 47.53 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गई। इसका क्षेत्रफल गुजरात में 19.10 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 22.01 लाख हेक्टेयर तथा राजस्थान में 8.59 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.78 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया मगर कर्नाटक महाराष्ट्र एवं कुछ अन्य राज्यों में रकबा घट गया।