मध्य प्रदेश में मूंग एवं उड़द की खरीद के लिए किसानों का रजिस्ट्रेशन शुरू
22-May-2024 01:56 PM
भोपाल । मध्य प्रदेश में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण 20 मई से आरंभ करके 5 जून तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उड़द की खरीद 10 जिलों- जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, दमोह, छिंदवाड़ा, पन्ना, मंडला, उमरिया, सिवनी एवं बालाघाट में की जाएगी जबकि मूंग की खरीद 32 जिलों में होगी जिसमें नर्मदा पुरम, नरसिंहपुर, रायसेन, हरदा, सीहोर, जबलपुर, देवास, सागर, गुना, खंडवा, खरगौन, कटनी, दमोह, विदिशा, बड़वानी, मुरैना, बैतूल, श्योपुर कलां, भिंड, भोपाल, सिवनी, छिंदवाड़ा, बुरहानपुर, छतरपुर, उमरिया, धार, राजगढ़, मंडला, इंदौर, शिवपुरी, बालाघाट एवं अशोक नगर शामिल है।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा उपरोक्त सभी जिलों के कलेक्टर को पत्र भेजकर इस सम्बन्ध में आवश्यक व्यवस्था करने के लिए कहा गया है पत्र में कहा गया है कि मध्य प्रदेश में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की खरीद का निर्णय लिया गया है और इसलिए किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया आरंभ की गई है।
यह पंजीकरण 25 जनवरी 2024 को गेहूं की खरीद हेतु पंजीयन नियमों के अनुरूप होगी जो खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जारी किया गया था।
जिलाधीशों से कहा गया है कि मूंग एवं उड़द के ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, पंजीकरण केन्द्रों का निर्माण करके वहां सभी भौतिक एवं मानव संसाधनों का प्रबंध किया जाए, किसानों के पंजीकरण तथा उसके सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाए और किसानों को अपना उत्पाद बेचने के लिए स्लॉट चयन की प्रक्रिया रहनी चाहिए।
मूंग एवं उड़द की खरीद के बाद मूल्य भुगतान सुनिश्चित करने हेतु पंजीकरण के समय ही आधार नम्बर से लिंक बैंक खाता नम्बर लिया जाए।
यदि किसानों को ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द की बिक्री न्यूनतम समर्थन मूल्य से नीचे दाम पर करने के लिए विवश होना पड़ा है तो मध्य प्रदेश सरकार द्वारा केन्द्र सरकार की सीएम आशा योजना के अंतर्गत एमएसपी के भुगतान की व्यवस्था की जाएगी और इसके लिए अलग से निर्णय लेकर विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया जाएगा।
