मध्य दिसम्बर तक खाद्य तेलों के दाम में 8-10 प्रतिशत की गिरावट आने की संभावना
29-Nov-2024 01:09 PM
मुम्बई । अंतर्राष्ट्रीय बाजार (निर्यातक देशों) में पिछले एक पखवाड़े के दौरान सोयाबीन तेल, सूरजमुखी तेल तथा पाम तेल के निर्यात ऑफर मूल्य में करीब 100 डॉलर प्रति टन की गिरावट आने से घरेलू बाजार में इसका भाव 8-10 प्रतिशत तक अगले 15-20 दिनों में घट सकता है।
उद्योग समीक्षकों के अनुसार सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन पर्याप्त होने सोयाबीन तेल की कीमत पर दबाव बढ़ गया है। इसी तरह सूरजमुखी तेल का भाव नरम पड़ गया है।
उधर संसार में पाम तेल के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- इंडोनेशिया में अभी तक बायोडीजल की नीति के नए स्वरुप का निर्माण नहीं होने से पाम तेल का मूल्य भी घटकर नीचे आ गया है।
इंडोनेशिया में फिलहाल बायोडीजल के निर्माण में 35 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य उपयोग का नियम लागू है। सरकार इसे बढ़ाकर 40 प्रतिशत नियत करने की योजना बना रही थी लेकिन पर्यावरण संरक्षण संस्थाओं द्वारा इसका भारी विरोध किए जाने के बाद सरकार को अपनी योजना पर दोबारा विचार करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।
एक अग्रणी उद्योग विश्लेषक के मुताबिक वैश्विक बाजार में सोयाबीन की भरपूर आपूर्ति हो रही है जबकि दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अगले साल (2025) में इसका रिकॉर्ड उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
इससे सोया तेल के दाम पर दबाव बढ़ने लगा है। समझा जाता है कि डोनाल्ड ट्रम्प के शासन काल में अमरीकी बायोडीजल की नीति में बदलाव हो सकता है जिससे बायोडीजल निर्माण में वनस्पति तेल की मांग कमजोर पड़ने की संभावना है।
क्रूड खनिज तेल का पर्याप्त उपलब्ध होने से इसकी कीमतों में गिरावट आ रही है जिससे बायोडीजल निर्माण में कई देशों की दिलचस्पी कम हो सकती है।
लेकिन सूरजमुखी तेल के दाम में आई गिरावट अस्थायी है क्योंकि रूस में अगले महीने कभी भी इस पर निर्यात शुल्क में भारी इजाफा करने का निर्णय लागू हो सकता है।
पिछले एक पखवाड़े के दौरान वैश्विक बाजार में सूरजमुखी तेल का भाव 1300 डॉलर से घटकर 1200 डॉलर प्रति टन, सोयाबीन तेल का 1230 डॉलर से गिरकर 1130 डॉलर प्रति टन तथा पाम तेल का दाम 1320 डॉलर से घटकर 1220 डॉलर प्रति टन पर आ गया।
इधर घरेलू प्रभाग में सरसों तेल का मूल्य भी 10 रुपए गिरकर 136 रुपए प्रति लीटर रह गया। मध्य दिसम्बर तक इन सभी खाद्य तेलों के दाम में गिरावट आने की संभावना है।
