म्यांमार से कृषि उत्पादों का निर्यात 2.75 अरब डॉलर के पार
29-Nov-2024 01:37 PM
रंगून । भारत के पूर्वोत्तर पड़ोसी देश- म्यांमार के वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वित्त वर्ष (2024-25) में 1 अप्रैल से 25 अक्टूबर 2024 के दौरान देश से कृषि उत्पादों का कुल निर्यात बढ़कर 2.75 अरब डॉलर से ऊपर पहुंच गया।
इसके तहत समुद्री मार्ग से निर्यात होने वाले कृषि उत्पादों से 2.30 अरब डॉलर तथा स्थानीय सीमा मार्ग से हुए निर्यात की आमदनी 44.60 करोड़ डॉलर दर्ज की गई। म्यांमार से कृषि उत्पादों के संवर्ग में मुख्यत: चावल, दलहन, मक्का, कपास, चीनी, सूरजमुखी एवं बीन्स आदि शामिल है।
म्यांमार के कृषि क्षेत्र को राष्ट्रीय अर्थ व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है क्योंकि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इसका योगदान 30 प्रतिशत से भी अधिक रहता है। वहां चावल के बाद दलहन एवं बीन्स दूसरा सबसे महत्वपूर्ण निर्यात होने वाला कृषि उत्पाद है।
म्यांमार से दलहनों का सर्वाधिक निर्यात भारत को किया जाता है। इसमें उड़द एवं तुवर मुख्य रूप से शामिल है। वैसे इसके अलावा म्यांमार से मूंग, चना, मूंगफली, सोयाबीन, राजमा तथा कुछ अन्य दलहन-तिलहन का भी निर्यात होता है। भारत में वहां से दलहनों के अलावा मक्का भी मंगाया जाता है।
म्यांमार एवं भारत के बीच दलहन कारोबार का द्विपक्षीय समझौता भी हो चुका है। भारत में मूंग के आयात पर प्रतिबंध लगा हुआ है लेकिन म्यांमार को अपने इस उत्पाद के निर्यात के लिए चीन एवं थाईलैंड सहित कुछ अन्य बाजार भी हासिल हो गया वहां से यूरोपीय संघ को भी दलहनों का निर्यात किया जाता है। अब तक निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा है।
