नए माल की आवक बढ़ाने से कनाडा में मटर का भाव सुस्त

28-Aug-2025 12:18 PM

सस्काटून। अगस्त माह का अंतिम सप्ताह चल रहा है और कनाडा में मटर फसल की कटाई-तैयारी जोर पकड़ने लगी है। मंडियों में नए माल की आपूर्ति बढ़ने एवं मांग कमजोर रहने से कीमतों में नरमी आने के संकेत मिल रहे हैं।

सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में फसल की आरंभिक कटाई वाली मटर की उपज दर काफी अच्छी देखी जा रही है। चीन के आयातक कनाडाई मटर की खरीद में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं जबकि भारत सहित अन्य आयातक देशों में भी मांग बहुत कमजोर है। इसके फलस्वरूप कनाडा में मटर का निर्यात कारोबार काफी धीमा पड़ गया है। मापले मटर में कोई कारोबार नहीं हो रहा है। 

भारत में यद्यपि पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की समयावधि 31 मार्च 2026 तक बढ़ा दी गई है मगर घरेलू दलहन बाजार में जारी सुस्ती के कारण आयातक इसके आयात में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखा रहे हैं।

उधर रूस में मटर का उत्पादन 45 लाख टन के आसपास होने का अनुमान लगाया जा रहा है जिससे कनाडा के निर्यातकों को भारत सहित अन्य प्रमुख बाजारों में रूस की सख्त प्रतिस्पर्धा एवं कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा। रूस की मटर अपेक्षाकृत सस्ती होती है।

सस्कैचवान प्रान्त के विभिन्न भागों में नम्बर 2 या इससे बेहतर क्वालिटी की हरी मटर (जिसमें अधिकतम 3 प्रतिशत ब्लीच हो) का भाव नीचे में 10.50 डॉलर से लेकर ऊपर में 12.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच चल रहा है।

खरीदारों की जरूरतों एवं आयातक देशों की दूरी के आधार पर हरी मटर का यह एफओबी मूल्य बताया जा रहा है। दूसरी ओर पीली मटर का एफओबी फार्म मूल्य घटकर 7.00-7.50 डॉलर प्रति बुशेल के निम्न स्तर पर आ गया है।

इस मूल्य स्तर पर भी खरीदारों का अभाव देखा जा रहा है जिससे कनाडा के उत्पादक काफी चिंतित है। पिछले कुछ दिनों के अंदर पीली मटर के दाम में 1 डॉलर प्रति बुशेल तक गिरावट आ चुकी है।

पीली मटर के सापेक्ष हरी मटर का भाव काफी ऊंचे स्तर पर बरकरार है। निकट भविष्य में वहां मटर के बाजार भाव में जोरदार तेजी आने की संभावना नहीं है क्योंकि नए माल की आवक बढ़ती जाएगी।