निकासी प्रभावित होने से मखाना तेज

28-Aug-2025 07:14 PM

नई दिल्ली। विगत एक सप्ताह से मखाना की कीमतों में तेजी बनी हुई है अभी भी बाजार में धारणा मजबूती की बनी हुई है। सूत्रों का कहना है कि हालांकि चालू सीजन के दौरान पैदावार गत वर्ष की तुलना में दो-ढाई गुना अधिक होने के समाचार है लेकिन प्रमुख उत्पादक राज्य बिहार में चल रही बारिश के कारण निकासी प्रभावित हो रही है इसके अलावा बाजार में त्यौहारी मांग भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।

जिस कारण से विगत 8/10 दिनों के दौरान मखाना के दामों में 40/50 रुपए प्रति किलो की तेजी दर्ज की जा चुकी है। व्यापारियों का कहना है कि अगर जल्द धूप का मौसम नहीं होता है तो जल्द ही कीमतों में 50/70 रुपए प्रति किलो की तेजी ओर आ सकती है।

क्योंकि सितम्बर माह में दशहरा एवं दीपावली त्यौहार की मांग बाजार में अच्छी रहेगी। वर्तमान में दिल्ली बाजार में राजभोग मखाना के दाम बढ़कर 1000/1010 रुपए प्रति किलो पर बोले जाने लगे हैं।

उल्लेखनीय है कि मखाना का उत्पादन बिहार के दरभंगा, पूर्णिया, गुलाबबाग, हरीशचंद्रपुर लाइन पर होता है। वर्तमान में बारिश के कारण तालाबों से निकासी प्रभावित हो रही है।

सूत्रों का कहना है कि तालाबों में गुरिया की उपलब्धि गत वर्ष की तुलना में अधिक है। लेकिन गत वर्ष का स्टॉक न होने के कारण पाइप लाइन खाली है।

जिस कारण सितम्बर माह के दौरान भाव तेज रहने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं। लेकिन मौसम खुलने के पश्चात मखाना की सप्लाई अवश्य ही बढ़ेगी। जिस से अक्टूबर माह के दौरान कीमतों में गिरावट आने की संभावना है।