नारियल विकास बोर्ड से नारियल तेल में मिलावट रोकने हेतु कदम उठाने का आग्रह

22-May-2024 07:52 PM

कोच्चि । गुणवत्ता प्रबंधन और खाद्य सुरक्षा मानकों पर प्रमुख सम्बद्ध पक्षों के बीच सामंजस्य स्थापित करने एवं विचारों के आदान-प्रदान के लिए नारियल विकास बोर्ड (सीडीबी) द्वारा एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया जिसे सम्बोधित करते हुए कोचीन ऑयल मर्चेंट्स एसोसिएशन (कोमा) के अध्यक्ष ने नारियल तेल के उत्पादन में गुणवत्ता मानकों को बरकरार रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए बोर्ड से नारियल तेल में मिलावट की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। 

मुख्य नारियल विकास अधिकारी ने अपने सम्बोधन में प्रोसेसिंग, मूल्य संवर्धन, मार्केटिंग एवं नारियल उत्पादों के निर्यात पर विशेष ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया ताकि इस क्षेत्र का त्वरित एवं सर्वांगीण विकास संभव हो सके और इसमें प्रगति की निरंतरता बरकरार रहे। 

इस महत्वपूर्ण सेमीनार में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, भारतीय मानक ब्यूरो, बेरियस, एनआईआईएसटी, रीजनल एनलायरियल लैबेरेटरी (आर ए एल) तथा नारियल विकास बोर्ड आदि के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

वक्ताओं का कहना था कि भारत नारियल तथा इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों का एक अग्रणी उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वैश्विक बाजर में इन उत्पादों की अच्छी मांग बनी हुई है जिसे कायम रखने के लिए गुणवत्ता का स्तर ऊंचा होना आवश्यक है।

घरेलू प्रभाग में उपयोग वाले नारियल तेल में भी मिलावट नहीं होनी चाहिए। केरल और तमिलनाडु में इसका उपयोग खाद्य तेल के रूप में होता है।