News Capsule/न्यूज कैप्सूल: कनाडाई मटर और मसूर बाजार 2026: चीन की वापसी और भारत की मांग से बढ़ी उम्मीद

23-May-2026 12:17 PM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: कनाडाई मटर और मसूर बाजार 2026: चीन की वापसी और भारत की मांग से बढ़ी उम्मीद
कनाडा में मटर और मसूर की बुवाई उम्मीद से ज्यादा
★ 2026-27 सीजन में कनाडा में मटर और मसूर की बुवाई अनुमान से अधिक रहने की संभावना है। भारी कैरी-इन स्टॉक होने के बावजूद दलहनों के रकबे में बड़ी कटौती नहीं की। हालांकि कैनोला की ऊंची कीमतों ने कुछ क्षेत्र अपनी ओर खींचा है, फिर भी पल्स फसलों का रकबा मजबूत बना हुआ है।
★ स्टैट्सकैन ने मटर का रकबा करीब 41 लाख एकड़ बताया है, जबकि बाजार अनुमान इससे कम था। सामान्य उपज की स्थिति में कनाडा का मटर उत्पादन लगभग 28 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले उच्च उत्पादन वाले वर्षों से कम होगा। इससे बड़े कैरी-इन स्टॉक का दबाव कुछ हद तक संतुलित हो सकता है।
★ कनाडाई मटर बाजार के लिए सबसे बड़ी राहत चीन की वापसी मानी जा रही है। चीन और कनाडा के बीच व्यापारिक संबंधों में सुधार के बाद चीनी खरीद फिर तेज हुई है। यदि कनाडा चीन को करीब 10 लाख टन खाद्य मटर निर्यात कर पाता है तो यह संतोषजनक स्थिति होगी।
★ चीन रूसी मटर की गुणवत्ता से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। यही वजह है कि कनाडा के लिए चीनी बाजार दोबारा स्थिर हो सकता है।
~~~~~~~~~~~
भारत से भी बढ़ सकती है मटर और मसूर की मांग
★ उम्मीद है कि 2026 में भारत की दलहन मांग मजबूत रह सकती है। वैश्विक खाद्य महंगाई और बढ़ती जीवन-यापन लागत के कारण एशियाई देशों में सस्ती प्रोटीन फसलों की मांग बढ़ने की संभावना है। इसी कारण कनाडा भारत को भी अधिक मटर और मसूर निर्यात की उम्मीद कर रहा है।
★ हालांकि भारतीय बाजार को अस्थिर माना जा रहा है, फिर भी व्यापार को उम्मीद है कि भारत की आयात जरूरतें इस साल बेहतर रह सकती हैं।
~~~~~~~~~~~
मसूर बाजार ज्यादा विविध, निर्यात में तेज बढ़ोतरी
★ मसूर का बाजार मटर की तुलना में अधिक विविध माना जा रहा है। कनाडा की लाल और हरी मसूर की मांग भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, यूएई, दक्षिण अमेरिका और भूमध्यसागरीय देशों में बनी हुई है।
★ फरवरी 2026 के बाद कनाडा से मसूर और मटर की निर्यात गति काफी सुधरी है:
★ मसूर का बल्क निर्यात 12.5 लाख टन पहुंचा, जो पिछले साल से 42% अधिक है।
★ मटर का निर्यात 21 लाख टन से ऊपर पहुंच गया, जो पिछले साल से 31% ज्यादा है।
★ कुल बल्क शिपमेंट लगभग 28% बढ़े हैं।
★ ईरान युद्ध के कारण वैश्विक शिपिंग लागत और ईंधन कीमतों में तेजी आई है, जिससे कनाडाई दाल निर्यात पर नया दबाव बन रहा है। जहाजों पर वार-रिस्क सरचार्ज और अतिरिक्त बंकर चार्ज लगाए जा रहे हैं।
~~~~~~
मौसम और सूखे की चिंता अभी बरकरार
★ कनाडा के कुछ प्रमुख उत्पादन क्षेत्रों, खासकर दक्षिण-पश्चिम सस्केचेवान और दक्षिण-पूर्व अल्बर्टा में सूखे की चिंता बनी हुई है। हालांकि मार्च और अप्रैल में बारिश से स्थिति कुछ सुधरी थी, लेकिन तेज हवाओं और ठंडे मौसम के कारण बुवाई की रफ्तार सामान्य से पीछे चल रही है।
★ शुरुआती मिट्टी नमी अच्छी है, लेकिन यदि मौसम अस्थिर रहा और बढ़वार अवधि कम हुई तो उत्पादन जोखिम बढ़ सकता है।