रूस में 872 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान
17-Sep-2025 01:59 PM
मास्को। एक अग्रणी विश्लेषक फर्म ने रूस में चालू वर्ष के लिए गेहूं के उत्पादन का अनुमान 11 लाख टन बढ़ाकर 872 लाख टन निर्धारित किया है जो पिछले साल के उत्पादन 826 लाख टन से काफी अधिक तथा सामान्य औसत उत्पादन 883 लाख टन से कम है। इस बार रूस के साइबेरिया तथा यूराल संभाग में गेहूं के रिकॉर्ड उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है।
विश्लेषक फर्म ने गेहूं का उत्पादन अनुमान साइबेरिया में 11 लाख टन बढ़ाकर 97 लाख टन तथा यूराल में 3 लाख टन बढ़ाकर 41 लाख टन नियत किया है। इन दोनों संभागों में इस बार गेहूं की उपज दर में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हुई है।
हाल की भारी वर्षा के कारण इन दोनों क्षेत्रों में गत वर्ष की भांति इस बार भी गेहूं की कटाई-तैयारी धीमी गति से हो रही है लेकिन इस वर्ष फसल की प्रगति के चरण में मौसम अनुकूल रहने से उपज दर में काफी बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
अब अगले दो सप्ताहों के दौरान रूस के अधिकांश इलाकों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान हैं जिससे फसल की कटाई की गति तेज हो जाएगी।
दूसरी ओर रूस के यूरोपीय भाग में गेहूं फसल की हालत अच्छी नहीं है जिसे देखते हुए विश्लेषक फर्म ने मध्यवर्ती क्षेत्र में गेहूं के उत्पादन का अनुमान 3 लाख टन घटाकर 213 लाख टन नियत कर दिया है।
जैसे-जैसे वहां कटाई की रफ्तार बढ़ती गई वैसे-वैसे उपज दर में कमी आने का संकेत मिलने लगा। उधर अमरीकी कृषि विभाग ने रूस में 850 लाख टन गेहूं के उत्पादन की संभावना व्यक्त की है जो पिछले अनुमान से 15 लाख टन ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि रूस दुनिया में गेहूं का सबसे बड़ा निर्यातक और तीसरा सबसे प्रमुख उत्पादक देश है।
