रूस में दलहन फसलों की हालत बेहतर होने का दावा
27-Aug-2025 01:19 PM
मास्को। यद्यपि हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि रूस में दलहन फसलों की हालत कमजोर है और वहां इसके उत्पादन में कमी आ सकती है लेकिन रूस के एक विश्लेषक ने इस खबर का खंडन करते हुए कहा है कि फसल की स्थिति बेहतर है और इसकी पैदावार सामान्य होने की उम्मीद है।
केवल वैश्विक बाजार भाव को ऊंचा उठाने के उद्देश्य से कुछ देशों ने इस तरह की झूठी खबर फैलाई थी। आमतौर पर रूस में मटर एवं मसूर का निर्यात ऑफर मूल्य कनाडा से नीचे रहता है लेकिन पिछले सप्ताह दोनों देशों के दलहन का भाव लगभग समान स्तर पर आ गया था।
रशियन पल्सेस एनलायटिक्स के सीईओ का मानना है कि चालू वर्ष के दौरान रूस में दलहनों का उत्पादन गत वर्ष से बेहतर होगा। हालांकि किसान कमजोर बाजार भाव को देखते हुए शुरुआत में दलहनों का बिजाई क्षेत्र घटाने का प्लान बना रहे थे लेकिन मौसम की हालत को देखते हुए उन्होंने अपना इरादा बदल दिया।
बोल्गा संभाग में शीतकाल के दौरान हिमपात कम होने से शरदकालीन अनाजी फसलों की हालत खराब हो गई और इसलिए वहां दोबारा बिजाई की आवश्यकता महसूस हुई।
सारातोव ओब्लास्ट क्षेत्र में चना (काबुली) की खेती बड़े पैमाने पर होती है और वहां क्षेत्रफल में कमी नहीं आई। जहां तक मटर का सवाल है तो इसकी खेती रूस के सभी भागों में होती है इसलिए रोस्तोव तथा ब्रासनोदार क्षेत्र में फसल की कमजोर स्थिति की भरपाई मध्यवर्ती क्षेत्र एवं स्टावरोपोल संभाग के बेहतर उत्पादन से हो जाएगी।
साइबेरिया में मटर के उत्पादन का अनुमान लगाना अभी कठिन है। वैसे वहां मटर का कुछ उत्पादन पिछले साल से बेहतर होने की उम्मीद की जा रही है।
मसूर के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है। बोल्गोग्राद एवं सारातोव में मोटी हरी मसूर तथा स्टावरोपोल एवं ब्लादिमीर में छोटी हरी मसूर तथा लाल मसूर का उत्पादन ज्यादा होता है।
इस वर्ष रूस में 45 लाख टन मटर (मुख्यतः पीली) का उत्पादन होने का अनुमान लगाया है जबकि 8 लाख टन काबुली चना एवं 6 लाख टन मसूर के उत्पादन की संभावना व्यक्त की जा रही है।
