ओएमएसएस के तहत गेहूं की कुल बिक्री 100 लाख टन के करीब पहुंचने का अनुमान
29-Dec-2023 06:35 PM
नई दिल्ली । भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत साप्ताहिक ई-नीलामी के जरिए अब तक 55.10 लाख टन गेहूं बेचा जा चुका है।
जिस रफ्तार से बिक्री बढ़ रही है उसे देखते हुए लगता है कि चालू वित्त वर्ष के अंत यानी 31 मार्च 2024 तक गेहूं की कुल बिक्री 100 लाख टन के करीब पहुंच सकती है, गेहूं का भाव काफी ऊंचा चल रहा है जिसके मुकाबले सरकारी गेहूं काफी सस्ते दाम पर उपलब्ध हो रहा है।
सरकार (एफसीआई) ने प्रत्येक सप्ताह की ई-नीलामी में 4 लाख टन गेहूं की बिक्री का ऑफर देना शुरू कर दिया है जिससे अधिक से अधिक खरीदारों को इस नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि 28 जून से गेहूं की बिक्री आरंभ हुई थी जो 31 मार्च 2024 तक जारी रहेगी। इस अवधि के लिए सरकार ने 102.50 लाख टन गेहूं उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है।
1 अप्रैल से नए गेहूं की खरीद का मार्केटिंग सीजन आरंभ होगा और ओएमएसएस की प्रक्रिया बंद हो जाएगी। गत 27 दिसम्बर को हुई नीलामी के तहत एफसीआई ने करीब 3.50 लाख टन गेहूं बेचा जो इससे पूर्व की सभी साप्ताहिक नीलामी में सबसे ज्यादा रहा।
जनवरी-मार्च 2024 की तिमाही के दौरान भी सरकारी गेहूं की भारी बिक्री होने की उम्मीद है। चालू सप्ताह की नीलामी के तहत गेहूं की बिक्री का औसत मूल्य 2181 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया।
126 अक्टूबर को आयोजित साप्ताहिक नीलामी में गेहूं का औसत भाव 2310 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था। चूंकि खरीदारों के लिए पर्याप्त मात्रा में गेहूं उपलब्ध करवाया जा रहा है इसलिए वे नीचे दाम पर इसकी खरीद में सफल हो रहे हैं।
सरकारी गोदामों में 1 अप्रैल 2024 को गेहूं का स्टॉक न्यूनतम आवश्यक मात्रा से कुछ अधिक रहने की संभावना है।
