ऑस्ट्रेलिया में चना का उत्पादन 22.67 लाख टन के रिकॉर्ड पर पहुंचने का अनुमान
04-Mar-2025 03:58 PM
कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया की केन्द्रीय एजेंसी- अबारेस ने अपनी नवीनतम तिमाही रिपोर्ट में 2024-25 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान चना का घरेलू उत्पादन तेजी से बढ़कर 22.67 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो दिसम्बर 2024 की तिमाही रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान 18.87 लाख टन से 3.80 लाख टन ज्यादा है।
दरअसल इस बार ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख उत्पादक राज्यों में न केवल चना के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई बल्कि मौसम अनुकूल रहने से फसल की औसत उपज दर भी ऊंची रही।
न्यू साउथ वेल्स तथा क्वींसलैंड जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों में शानदार बिजाई के साथ-साथ चना की उपज दर में भी काफी बढ़ोत्तरी देखी गई।
क्वींसलैंड में तो चना का उत्पादन पिछले साल की तुलना में 239 प्रतिशत उछलकर इस बार 9.50 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जो अब तक का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादन है। वहां चना की औसत उपज दर में भी 10 वर्षीय औसत के मुकाबले 74 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
क्वींसलैंड में चना का बिजाई क्षेत्र गत वर्ष की तुलना में 91 प्रतिशत बढ़कर 2024-25 के सीजन में 4.20 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
उधर न्यू साउथ वेल्स प्रान्त में चना का उत्पादन 5.80 लाख टन से उछलकर 12.80 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जिससे पता चलता है कि वहां सिर्फ बिजाई क्षेत्र में ही भारी बढ़ोत्तरी नहीं हुई बल्कि फसल की औसत उपज दर भी बहुत ऊंची रही।
उल्लेखनीय है कि अबारेस ने अपनी दिसम्बर 2024 की रिपोर्ट में 2024-25 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया 81.87 लाख टन, चना, 6.94 लाख टन फाबा बीन्स 2.22 लाख टन मटर, 11.16 लाख टन मसूर तथा 7.63 लाख टन ल्यूपिन सहित कुल 46.82 लाख टन दलहनों के उत्पादन का अनुमान लगाया था मगर अब चना का उत्पादन अनुमान 3.80 लाख टन बढ़ा दिया है।
