ऑस्ट्रेलिया में ग्रेनकॉर्प कम्पनी को 85 लाख टन ग्रेन प्राप्त करने में सफलता

26-Nov-2024 04:55 PM

ब्रिसबेन । पूर्वी ऑस्ट्रेलिया में बल्क अनाज की प्रमुख कारोबारी (संचालन) कम्पनी- ग्रेनकॉर्प को अभी तक 84.70 लाख टन अनाज हासिल करने में सफलता मिल चुकी है। पिछले सप्ताह उसने 18 लाख टन अनाज प्राप्त किया।

ग्रेनकॉर्प के अनुसार क्वींसलैंड प्रान्त में शीतकालीन फसलों की कटाई-तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है लेकिन डार्लिंग डाउन्स तथा गूंडीविंडी क्षेत्र में थोड़ी-बहुत मात्रा में अनाज की आवक अभी जारी है। 

कम्पनी के मुताबिक न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के उत्तरी भाग में पिछले सप्ताह आसमान साफ रहा और तापमान भी कुछ बढ़ गया जिससे फसलों की कटाई-तैयारी एवं आवक में कुछ वृद्धि हो गई। डुब्वो एवं वेरिस क्रीक क्षेत्र में आवक बढ़ रही है।

राज्य के अन्य भागों में भी कटाई की प्रक्रिया आरंभ हो गई है और आगामी समय में इसकी गति तेज हो सकती है। राज्य के दक्षिणी भाग में फसलों की जोरदार कटाई-तैयारी हो रही है और सभी क्षेत्रों में अच्छी मात्रा में इसकी डिलीवरी भी होने लगी है। वहां एक दिन में 1.80 लाख टन अनाज की खरीदारी हुई। 

विक्टोरिया प्रान्त में फसलों की कटाई जारी है और उसकी आपूर्ति की रफ्तार भी बढ़ने लगी है। ऑस्ट्रेलिया के किसान फिलहाल गेहूं, जौ, ज्वार, चना एवं कैनोला जैसी फसलों की कटाई-तैयारी एवं बिक्री को प्राथमिकता दे रहे हैं जबकि मसूर और मटर इसमें पीछे छूट रही है। 

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान 25 नवम्बर 2024 तक क्वींसलैंड प्रान्त में 16.76 लाख टन, न्यू साउथ वेल्स में 57.05 लाख टन तथा विक्टोरिया प्रान्त में 10.93 लाख टन के साथ कुल 84.74 लाख टन फसलें हासिल की गई। 25 नवम्बर को 17.99 लाख टन ग्रेन प्राप्त किया गया। आगे भी इसका सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।