ऑस्ट्रेलिया में शीतकालीन फसलों का रकबा 8 प्रतिशत घटने का अनुमान
26-May-2026 04:14 PM
कैनबरा। चालू वर्ष के दौरान ऑस्ट्रेलिया में मौसम की हालत मिश्रित होने तथा कृषि इनपुट का खर्च ऊंचा होने के कारण शीतकालीन फसलों के उत्पादन क्षेत्र में गिरावट आने की संभावना है।
राबो बैंक को अपनी नई रिपोर्ट में ऑस्ट्रेलिया में इस वर्ष शीतकालीन फसलों का कुल रकबा 231 लाख हेक्टेयर पर सिमटने का अनुमान लगाया है जो 2025-26 सीजन के बिजाई क्षेत्र से 8 प्रतिशत तथा पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल से 4.3 प्रतिशत कम है। इसके तहत खासकर गेहूं के रकबे में ज्यादा गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि यह सबसे प्रमुख खाद्यान्न है।
गेहूं का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष की तुलना में इस बार 20.4 प्रतिशत घटकर 98 लाख हेक्टेयर रह जाने का अनुमान है जो पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल से भी 24 प्रतिशत कम है।
दूसरी ओर वहां कैनोला, दलहनों एवं जौ के बिजाई क्षेत्र में कुल मिलाकर बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद व्यक्त की गई है क्योंकि गेहूं की तुलना में इन जिंसों से किसानों को ज्यादा आमदनी हासिल हुई। गेहूं का वैश्विक बाजार भाव अपेक्षाकृत नरम रहा।
वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया प्रान्त में शीतकालीन फसलों का उत्पादन क्षेत्र 5.7 प्रतिशत बढ़कर 94.70 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान है मगर क्वींसलैंड में रकबा 34.8 प्रतिशत लुढ़ककर 10.60 लाख हेक्टेयर तथा न्यू साउथ वेल्स में 29.2 प्रतिशत घटकर 48.20 लाख हेक्टेयर रह जाने की संभावना है। साउथ ऑस्ट्रेलिया एवं विक्टोरिया में रकबा स्थिर रहने के आसार हैं।
