ऑस्ट्रेलिया से दिसम्बर 2024 में 10.21 लाख टन चना एवं मसूर का शानदार निर्यात

07-Feb-2025 04:02 PM

ब्रिसबेन । दुनिया में देसी चना के सबसे प्रमुख मसूर के दूसरे सबसे बड़े निर्यातक देश- ऑस्ट्रेलिया से इन दोनों दलहनों के निर्यात का शानदार प्रदर्शन दर्ज किया जा रहा है।

सरकारी एजेंसी ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार दिसम्बर 2024 में देश से इन दोनों दलहनों का निर्यात बढ़कर 10.21 लाख टन पर पहुंच गया जिसमें 7.81 लाख टन चना तथा 2.40 लाख टन मसूर का शिपमेंट शामिल था। इस बार वहां चना का उत्पादन काफी बढ़ा है जबकि भारत में मांग बहुत बढ़ गई।

एबीएस की रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर-दिसम्बर 2024 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से चना का कुल निर्यात बढ़कर 12.97 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच गया।

इसके तहत अक्टूबर में केवल 1.01 लाख टन चना का शिपमेंट हुआ था जो नवम्बर में बढ़कर 4.15 लाख टन तथा दिसम्बर में उछलकर 7.81 लाख टन पर पहुंच गया।

ब्यूरो के मुताबिक चना के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा 31 मार्च 2025 तक बढ़ाई गई है और आयातक इसका भरपूर फायदा उठाने का प्रयास कर रहे हैं। 

ब्यूरो के मुताबिक भारत में ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर में लगभग 78 हजार टन चना का आयात किया गया था जो नवम्बर में बढ़कर 3.29 लाख टन तथा दिसम्बर में उछलकर 5.89 लाख टन पर पहुंच गया।

इस तरह अक्टूबर-दिसम्बर 2024 की तिमाही के दौरान भारत में ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर 9.95 लाख टन से अधिक चना का आयात किया गया। 

जहां तक मसूर का सवाल है तो इसके आयात में भी भारत सबसे आगे रहा मगर इसकी मात्रा चना की तुलना में बहुत कम रही।

ब्यूरो के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया से अक्टूबर-दिसम्बर की तिमाही में करीब 3.12 लाख टन मसूर का निर्यात हुआ जिसमें से भारत को सर्वाधिक 1.32 लाख टन तथा बांग्ला देश को 1.14 लाख टन का शिपमेंट किया गया।

भारत ने ऑस्टेलिया से अक्टूबर में करीब 10 हजार टन, नवम्बर में 7 हजार टन तथा दिसम्बर में 1.14 लाख टन मसूर का आयात किया।