ऑस्ट्रेलिया से दिसम्बर में 5.88 लाख टन से अधिक चना का शानदार निर्यात
06-Feb-2026 04:14 PM
ब्रिसबेन। नए माल की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ने, कीमत प्रतिस्पर्धी स्तर पर रहने भारत सहित अन्य प्रमुख आयातक देशों में मांग मजबूत होने से ऑस्ट्रेलियाई देसी चना के निर्यात में जबरदस्त बढ़ोत्तरी देखी जा रही है।
सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की नई रिपोर्ट के अनुसार नवम्बर 2025 में देश से 3,73,956 टन चना का निर्यात हुआ था जो दिसम्बर 2025 में 57 प्रतिशत उछलकर 5,88,122 टन पर पहुंच गया।
लेकिन इसके बावजूद नवम्बर-दिसम्बर 2025 के दो महीनों में ऑस्ट्रेलिया से चना का कुल निर्यात 9,62,081 टन पर ही पहुंच सका जो नवम्बर-दिसम्बर 2024 के कुल शिपमेंट 11,34,040 टन से काफी कम रहा। उल्लेखनीय है कि नवम्बर से फरवरी तक वहां से चना का जोरदार निर्यात होता है और उसके बाद शिपमेंट की गति धीमी पड़ जाती है।
दिसम्बर 2025 के दौरान ऑस्ट्रेलिया से भारत को सर्वाधिक 3,68,8177 टन चना का निर्यात किया गया। इसके बाद बांग्ला देश को 1,06,735 टन और पाकिस्तान को 96,094 टन चना का शिपमेंट किया गया। इसके अलावा दुनिया के कई अन्य देशों को भी वहां से थोड़ी-बहुत मात्रा में चना भेजा गया।
हालांकि भारत में देसी चना के आयात पर 10 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा हुआ है लेकिन वास्तविक आयात पर इसका कोई असर नहीं देखा गया।
दिसम्बर में चना का घरेलू बाजार भाव ऊंचा चल रहा था इसलिए 10 प्रतिशत के सीमा शुल्क का भुगतान करने के बावजूद भारतीय आयातकों को लाभ की उम्मीद बनी रही। उधर नए माल की भरपूर आवक होने से ऑस्ट्रेलिया में चना का दाम नरम पड़ गया था।
सरकारी एजेंसी अबारेस ने 2025-26 सीजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया में करीब 21 लाख टन चना के शानदार उत्पादन का अनुमान लगाया है जो 2024-25 सीजन के रिकॉर्ड उत्पादन 22 लाख टन से कुछ कम होने के बावजूद दूसरा सबसे ऊंचा स्तर माना जा रहा है।
