पंजाब की मंडियों में इस बार 125 लाख टन गेहूं की आवक होने का अनुमान

19-Apr-2025 02:03 PM

चंडीगढ़। केन्द्रीय पूल में खाद्यान्न का सर्वाधिक योगदान देने वाले राज्य- पंजाब की मंडियों में अब गेहूं की आवक तेजी से बढ़ने लगी है।

राज्य सरकार का कहना है कि शानदार उत्पादन को देखते हुए चालू रबी मार्केटिंग सीजन के दौरान पंजाब की मंडियों में गेहूं की आवक बढ़कर 125 लाख टन तक पहुंच सकती है। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने पंजाब में इतने ही गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है। 

पंजाब के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री के अनुसार चालू सीजन में अभी तक राज्य की मंडियों में 13.16 लाख टन गेहूं पहुंचा जिसमें से करीब 11 लाख टन की खरीद हो गई।

इसके एवज में किसानों के बैंक खाते में 705 करोड़ रुपए की राशि जमा करवाई गई है। खरीदे गए गेहूं के मूल्य का भुगतान 24 घंटे के अंदर किया जा रहा है और क्रय केन्द्रों से इसके उठाव में भी देरी नहीं हो रही है। यदि मौसम अनुकूल बना रहा तो इस बार गेहूं की क्वालिटी भी बहुत अच्छी रहेगी। 

खाद्य मंत्री के अनुसार सभी एजेंसियों एवं एजेंटों को तारपोलीन तथा क्रैट्स का पर्याप्त प्रबंध करने के लिए कहा गया है ताकि मौसम खराब होने पर स्टॉक को सुरक्षित रखने में सहायता मिल सके।

राज्य में गन्नी बोरियों का भी कोई अभाव नहीं है। सभी मंडियों में गेहूं की निर्बाध खरीद हो रही है और किसानों को अपना उत्पाद बेचने में कोई कठिनाई नहीं हो रही है। 

खाद्य मंत्री के मुताबिक गेहूं की खरीद के प्रबंध में शामिल सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरती जाए और न ही किसानों या आढ़तियों को कोई परेशानी हो।

कुछ जगहों पर गेहूं के सुरक्षित भंडारण में कठिनाई हो रही है जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य के गोदामों से खाद्यान्न का स्टॉक अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है ताकि उसमें नए गेहूं के भंडार के लिए जगह खली हो सके। पंजाब में 15 मई 2025 तक गेहूं की सरकारी खरीद जारी रहेगी।