प्रमुख उत्पादक राज्यों में मक्का के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी
09-Sep-2025 05:03 PM
नई दिल्ली। खरीफ सीजन के सबसे महत्वपूर्ण मोटे अनाज- मक्का की खेती में इस बार भारतीय किसानों द्वारा जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई गई है जिससे इसके बिजाई क्षेत्र में जोरदार इजाफा हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय स्तर पर मक्का का उत्पादन क्षेत्र इस बार तेजी से बढ़कर 94.62 लाख हेक्टेयर के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया है
जो पिछले साल की इसी अवधि के बिजाई क्षेत्र 84.30 लाख हेक्टेयर से 10.82 लाख हेक्टेयर या 12.20 प्रतिशत ज्यादा है। महत्वपूर्ण बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार देश के अधिकांश प्रमुख उत्पादक राज्यों में मक्का का क्षेत्रफल बढ़ा है।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक जिन प्रमुख उत्पादक प्रांतों में मक्का की बिजाई में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है उसमें कर्नाटक, महाराष्ट्र एवं राजस्थान भी शामिल है।
गत वर्ष के मुकाबले मौजूदा खरीफ सीजन में मक्का का उत्पादन क्षेत्र महाराष्ट्र में 11.21 लाख हेक्टेयर से उछलकर 14.45 लाख हेक्टेयर, कर्नाटक में 14.60 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 16.28 लाख हेक्टेयर तथा राजस्थान में 9.62 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 9.84 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया।
इसके अलावा मक्का का बिजाई क्षेत्र आंध्र प्रदेश में 1.11 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 1.43 लाख हेक्टेयर, गुजरात में 2.78 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2.85 लाख हेक्टेयर तथा तेलंगाना में 2.04 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2.50 लाख हेक्टेयर हो गया। इस तरह उपरोक्त छह राज्यों में मक्का का रकबा 41.36 लाख हेक्टेयर से उछलकर 47.35 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा।
इसके अतिरिक्त बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उड़ीसा सहित कई अन्य राज्यों में भी मक्का की अच्छी खेती हुई है जिससे इसका उत्पादन बेहतर होने के आसार हैं। फसल की हालत आमतौर पर संतोषजनक बनी हुई है।
