पोस्ता बिजाई का कार्य जल्द ही : कीमतों में अभी तेजी नहीं

19-Sep-2025 07:17 PM

नई दिल्ली। गत दिनों राज्य सरकारों द्वारा किसानों को अफीम की खेती के लिए पट्टे जारी किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में किसानों को खेती के लिए पट्टे गत वर्ष के बराबर ही दिए जाने के अनुमान लगाए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि एक ओर जहां कुछ किसानों के पट्टे में कटौती की गई है वहीं दूसरी तरफ कुछ नए किसानों को पट्टे जारी किये गए हैं। कुल मिलाकर इस वर्ष भी अफीम की खेती लगभग गत वर्ष के बराबर क्षेत्रफल पर किए जाने का अनुमान है उत्पादक केन्द्रों पर नवरात्रो में बिजाई का शुभारम्भ हो जाएगा। जबकि नए मालों की आवक मार्च-अप्रैल माह में शुरू होगी।

उल्लेखनीय है कि अफीम की खेती के लिए केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो किसानों को खेती करने के लिए लाइसेंस जारी करता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत वर्ष किसानों को लगभग 1.10 लाख आरी के पट्टे जारी किए गए हैं। विगत कुछ वर्षों से अवैंध तरीके से झारखंड एवं इम्फाल में अफीम की खेती होनी शुरू हो गई है। 

उत्पादन 

विगत दो वर्षों से देश में पोस्ता की पैदावार बढ़ रही है। अधिक उत्पादन को देखते हुए हालांकि सरकार ने दो वर्षों से पोस्ता आयात पर प्रतिबंध लगाया हुआ है लेकिन दो नम्बर में कुछ मात्रा में आयात हो रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 के दौरान देश में पोस्ता का उत्पादन 6/6.50 हजार टन का रहा था जोकि वर्ष 2024 में बढ़कर 7.5/8 हजार हो गया। जबकि वर्ष 2025 में उत्पादन 8.50/9 हजार टन होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं। 

स्टॉक घाटे का सौदा 

चालू सीजन के दौरान स्टॉकिस्टों को पोस्ता आयात में घाटा उठाना पड़ा है। उल्लेखनीय है की मई माह के दौरान सरकार द्वारा वर्ष 2025 के दौरान भी पोस्ता आयात पर प्रतिबंध जारी रखने की घोषणा के कारण 19/20 मई के 2025 के दौरान पोस्ता कीमतों में लगभग 250 रुपए  प्रति किलो की तेजी बन गई थी और व्यापारिक अनुमान था कि आगामी दिनों में भाव और बढ़ेंगे जिस कारण से स्टॉकिस्टों ने ऊंचे भावों पर स्टॉक किया साथ ही किसानों ने भी माल रोक लिया। उस समय नीमच मंडी में पोस्ता टिनोपाल का भाव 1700/1720 रुपए बोला जाने लगा था जबकि कोलकाता में टर्की का भाव 1750/1760 रुपए के स्तर पर पहुंच गया था। दिल्ली बाजार में भी 1750 रुपए का स्तर छू गया था। यह तेजी बाजार में सट्टेबाजी के चलते बनी थी। तत्पश्चात ऊंचे भावों पर सटोरियों की बिकवाली के चलते भाव घटने शुरू हो गए। मजबूरन वश स्टॉकिस्टों को भावों पर बिकवाली के लिए विवश होना पड़ा। वर्तमान में नीमच मंडी में पोस्ता टिनोपाल का भाव 1425/1450 रुपए बोला जा रहा है जबकि कोलकाता में टर्की का भाव 1520/1525 रुपए बोला जा रहा है। दिल्ली बाजार में भाव 1450 रुपए चल रहा है लेकिन इन भावों पर भी लिवाल नहीं है। 

मन्दा-तेजी 

जानकार सूत्रों का कहना है कि हाल-फिलहाल पोस्ता की कीमतों में तेजी की संभावना नहीं है। अक्टूबर-नवम्बर माह में भाव 20/30 रुपए मन्दा तेजी के बीच ही चलते रहेंगे। जबकि दिसम्बर-जनवरी में भाव बढ़ने के व्यापारिक अनुमान लगाए जा रहे हैं।