रबी फसलों के बेहतर उत्पादन की उम्मीद
01-Mar-2025 12:33 PM
हालांकि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि फरवरी में देश के मध्यवर्ती मौसमी उप क्षेत्र में मध्यमान तापमान वर्ष 1901 के बाद सबसे ऊंचा रहा जिसमें मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे प्रान्त भी शामिल हैं लेकिन यह तथ्य भी प्रकाश में आया है कि रबी फसलों पर सामान्य से इस ऊंचे तापमान का बहुत कम प्रतिकूल असर पड़ा है।
इसे देखते हुए सरकार को चालू वर्ष के दौरान रबी फसलों का शानदार उत्पादन होने का भरोसा है। लेकिन मार्च का मौसम इस भरोसे को कुछ हद तक घटा सकता है क्योंकि मौसम विभाग ने एक बार फिर चालू माह के दूसरे सप्ताह से दिन और रात के तापमान में भारी बढ़ोत्तरी होने की संभावना व्यक्त की है।
कुछ क्षेत्रों में दिन का उच्चतम तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है जो रबी फसलों के लिए घातक साबित हो सकता है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय जल्दी ही रबी फसलों के उत्पादन का अनुमान जारी करने वाला है और इसे तैयार करने के लिए पिछले दिन एक समीक्षा बैठक भी की गई।
इसमें सम्पूर्ण स्थिति की समीक्षा करने के बाद माना गया की वर्तमान रबी सीजन में विभिन्न फसलों की उपज दर एवं कुल पैदावार अच्छी हो सकती है। सम्पूर्ण कृषि क्षेत्र का प्रदर्शन भी बेहतर रहने की उम्मीद जताई गई। लेकिन मंत्रालय को कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
फरवरी के अंतिम दिन पंजाब के कुछ भागों में हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी हो रही है जिसमें जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड आदि शामिल है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश एवं अन्य समीपवर्ती राज्यों में मौसम की हालत बदल रही है जिससे रबी फसलों पर असर पड़ सकता है।
रबी सीजन की सभी प्रमुख फसलें- गेहूं, जौ, चना, मसूर, मटर एवं सरसों अपनी प्रगति के विभिन्न चरणों से गुजरते हुए अब कुल- दाना लगने की दौर में पहुंच गई हैं।
अगैती बिजाई वाली फसलों के परिपक्व होने या पकने का सिलसिला शुरू हो गया है। मार्च से चना तथा सरसों की भारी आवक होने लगती है जबकि गेहूं एवं जौ की कटाई अप्रैल से ही जोर पकड़ती है।
मार्च का महीना रबी फसलों के लिए हमेशा से निर्णायक साबित होता रहा है। यदि चालू माह के दौरान मौसम की हालत सामान्य रही तो बेहतर उत्पादन की उम्मीद बनी रहेगी अन्यथा विपरीत परिणाम भी सामने आ सकता है।
