राजस्थान में बाढ़ वर्षा से बाजरा समेत अन्य खरीफ फसलों को नुकसान
16-Sep-2025 05:01 PM
जयपुर। राजस्थान में भारी वर्षा, खेतों में जल जमाव एवं नदियों में भयंकर बाढ़ के कारण बाजरा की फसल को जबरदस्त नुकसान होने की आशंका है जबकि सोयाबीन, ज्वार एवं मक्का आदि की फसल भी क्षतिग्रस्त है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान देश में बाजरा, मूंग एवं ग्वार का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है।
राजस्थान के कृषि मंत्री के अनुसार राज्य में प्राकृतिक आपदाओं के प्रकोप से बाजरे की लगभग 75 प्रतिशत फसल प्रभावित हुई है। फसल को हुए नुकसान का आंकलन करने के लिए व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण अभियान चलाया जा रहा है जिसके 20 सितम्बर तक पूरा हो जाने की संभावना है। इसके बाद ही तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
उधर केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि 2025-26 के खरीफ मार्केटिंग सीजन के दौरान देश में खाद्यान्न का कुल उत्पादन 2024-25 सीजन के लगभग बराबर ही रह सकता है। इसमें चावल, दलहन एवं मोटे अनाज शामिल है।
अधिकारी यद्यपि कुछ राज्यों में खाद्यान्न फसलों को सीमित नुकसान हुआ है मगर शेष भागों में उपज दर ऊंची रहने की उम्मीद है। जिन क्षेत्रों में बिजाई का रकबा बढ़ा है और बारिश भी सामान्य हुई है वहां बेहतर उत्पादन होने के आसार हैं।
राजस्थान के कृषि मंत्री के अनुसार पहले राज्य के किसानों को खास पोर्टल पर फसल को हुए नुकसान के बारे में जानकारी देने के लिए कहा गया था मगर बाद में क्षति का भौतिक आंकलन करवाने का निर्णय लिया गया। सर्वेक्षण को पहले 7 सितम्बर तक पूरा होना था मगर बाढ़ में इसकी अवधि एक पखवाड़े के लिए बढ़ा दी गई।
सर्वेक्षण का कार्य समाप्त होने के बाद राहत एवं मुआवजे के बारे में निर्णय लिया जाएगा। जिसमें फसल बीमा का दावा भी शामिल है। कुछ इलाकों में नकली बीज की बिक्री का मामला भी सामने आया है जिसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान के अनेक जिले इस बार भयंकर बाढ़ की चपेट में आ गए जिससे वहां खरीफ फसलों को काफी नुकसान होने की आशंका है।
