राजस्थान में मूंगफली खरीद की अवधि 10 मार्च तक बढ़ी
03-Mar-2025 02:01 PM
जयपुर। देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में खरीफ कालीन मूंगफली की सरकारी खरीद की समय सीमा 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के अनुसार राज्य सरकार ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय को पत्र भेजकर खरीद की समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया था जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
इससे राज्य के मूंगफली उत्पादों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मूंगफली उत्पादकों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार ने 2024-25 के मार्केटिंग सीजन हेतु मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6783 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया है जबकि थोक मंडी भाव इससे काफी नीचे चल रहा है।
खरीद की समय सीमा बढ़ाए जाने से किसानों को सरकारी क्रय केन्द्रों पर अपनी मूंगफली का स्टॉक लाने तथा एमएसपी पर उसकी बिक्री करने में सहायता मिलेगी।
अधिकारियों से कहा गया है कि सभी पात्र किसानों से नियमानुसार ढुलाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे किसी भी किसान को अपनी मूंगफली की बिक्री करने में असुविधा न हो और न ही उन्हें अपना उत्पाद बेचने से वंचित रहना पड़े।
सरकारी क्रय केन्द्रों पर किसानों को कोई कठिनाई या परेशानी न हो इसके लिए हर तरह का प्रबंध किए जाने का निर्देश भी प्रभारियों को दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुरूआती चरण के दौरान राजस्थान में 15 फरवरी 2025 तक मूंगफली की सरकारी खरीद करने की अनुमति दी गई थी लेकिन राज्य सरकार के विशेष आग्रह पर पहले इसकी समय सीमा 28 फरवरी तक और अब 10 मार्च तक बढ़ा दी गई है।
जो उत्पादक अभी तक अपना स्टॉक बेचने में सफल नहीं हो सके उन्हें अब कामयाबी मिल जाएगी। उल्लेखनीय है कि राजस्थान मूंगफली का एक अग्रणी उत्पादक प्रान्त है। गुजरात के बाद खरीफ सीजन में मूंगफली का सर्वाधिक उत्पादन राजस्थान में ही होता है।
केन्द्रीय एजेंसियों द्वारा 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर पहले ही रिकॉर्ड मात्रा में मूंगफली की खरीद की जा चुकी है।
अब ज्यादातर राज्यों में खरीद की प्रक्रिया बंद हो चुकी है और राजस्थान में यह 10 मार्च तक बरकरार रहेगी। उत्तर प्रदेश में भी मूंगफली का थोक मंडी भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य से काफी नीचे चल रहा है। गुजरात में भाव अपेक्षाकृत ऊंचा है।
