Home News

राजस्थान में रबी फसलों की बिजाई आरंभ

14-Oct-2026 06:24 PM

राजस्थान में रबी फसलों की बिजाई आरंभ

जयपुर। देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में रबी फसलों की बिजाई का अभियान आरंभ हो गया जबकि आगे इसकी रफ्तार बढ़ने की उम्मीद है। राज्य कृषि विभाग की नवीनतम साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार पिछले सप्ताह तक राजस्थान में रबी फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र 54,105 हेक्टेयर पर पहुंचा सका जो पंचवर्षीय औसत क्षेत्रफल 114.70 लाख हेक्टेयर का 0.45 प्रतिशत है। ज्ञात हो कि राजस्थान सरसों का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है और वहां जौ का भी सर्वाधिक उत्पादन होता है। इसके अलावा वह चना तथा गेहूं के भी शीर्ष उत्पादक प्रांतों में शामिल हैं। 

कृषि विभाग की रिपोर्ट से पता चलता है कि राजस्थान में अभी तक अनाजी फसलों (गेहूं एवं जौ) की बिजाई आरंभ नहीं हुई है और दलहन फसलों का बिजाई क्षेत्र भी 710 हेक्टेयर पर ही पहुंचा है जिसमें चना के रकबे की भागीदारी 690 हेक्टेयर बताई जा रही है। इसका साफ मतलब है कि अधिकांश बिजाई सरसों- रेपसीड की हुई है। सरसों की खेती में इस बार किसानों द्वारा जबरदस्त उत्साह दिखाए जाने की उम्मीद है क्योंकि इसका थोक मंडी भाव काफी ऊंचा चल रहा है और केन्द्र सरकार द्वारा इसके न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में अच्छी वृद्धि भी की गई है। 

सरसों का उत्पादन क्षेत्र वहां 51,210 हेक्टेयर पर पहले ही पहुंच चुका है जबकि अलसी की बिजाई भी आरंभ हो गई है। तिलहन फसलों का कुल रकबा 51,215 हेक्टेयर दर्ज किया गया। राजस्थान में अक्टूबर से दिसम्बर तक रबी फसलों की जोरदार बिजाई होती है और उसके बाद इसकी गति धीमी पड़ जाती है। चना का बाजार मूल्य भी ऊंचा एवं तेज हो गया है। राजस्थान में चना एवं सरसों का उत्पादन तेज बढ़ने तथा गेहूं का बिजाई क्षेत्र कुछ घटने की संभावना है।