Home News

रिकॉर्ड आवंटन के बावजूद उत्तर प्रदेश में चीनी का संकट

14-Oct-2026 05:32 PM

रिकॉर्ड आवंटन के बावजूद उत्तर प्रदेश में चीनी का संकट

कानपुर। हालांकि केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े के लिए 16 लाख टन तथा पूरे माह के लिए 30 लाख टन चीनी का रिकॉर्ड फ्री सेल कोटा आवंटित किया गया है लेकिन फिर भी उत्तर प्रदेश में उस मीठी वस्तु का अभाव बना हुआ है और ऊंची कीमतों से आम उपभोक्ताओं को कठिनाई हो रही है।

इसे देखते हुए कानपुर शुगर मर्चेंट्स एसोसिएशन ने राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मार्केट में चीनी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने हेतु तत्काल एहतियाती कदम उठाने का आग्रह किया है।

उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक केन्द्र सरकार ने अक्टूबर 2026 के दूसरे हाफ के लिए उत्तर प्रदेश की मिलों को 4,50,809 टन चीनी का फ्री सेल कोटा आवंटित करते हुए इसकी बिक्री 13 से 31 अक्टूबर के बीच करने के लिए कहा है।

महाराष्ट्र के बाद चीनी का सर्वाधिक कोटा उत्तर प्रदेश को दिया गया है लेकिन फिर भी वहां व्यापारियों को उचित मात्रा में मिलों से चीनी प्राप्त करने में कठिनाई होने की शिकायत सामने आ रही है। समझा जाता है कि उत्तर प्रदेश के मिलर्स द्वारा राज्य से बाहर ऊंचे दाम पर भारी मात्रा में चीनी बेची जा रही है जिससे प्रदेश के आंतरिक भाग में इसकी कमी महसूस हो रही है।