राज्यों को कल्याणकारी योजनाओं के लिए केन्द्र देगा दलहन

11-Apr-2026 05:29 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय उपभोक्ता मामले विभाग ने राज्यों को पीएम पोषण तथा समेकित बाल विकास कार्यक्रम जैसी कल्याणकारी योजनाओं में वितरण के लिए बफर स्टॉक से दाल-दलहन प्राप्त करने का ऑफर दिया है। बफर स्टॉक में लगभग 28 लाख टन दालों का भंडार मौजूद है। इसमें मूंग, मसूर, चना एवं तुवर शामिल है।

चना, मसूर एवं तुवर की सरकारी खरीद अभी जारी है। केन्द्र का कहना है कि राज्य सरकारों को अपनी योजनाओं में आपूर्ति के लिए खुले बाजार के बजाए केन्द्रीय बफर स्टॉक से दाल प्राप्त करने पर ध्यान देना चाहिए। 

उपभोक्ता मामले विभाग के अनुसार राज्यों को दालों की खरीद के लिए टेंडर की जटिल प्रक्रिया का सहारा लेना पड़ रहा है जबकि बफर स्टॉक से उसे आसानी से यह हासिल हो सकता है। बफर स्टॉक में फिलहाल 7-7 लाख टन चना एवं तुवर का भंडार मौजूद है।

यह बफर स्टॉक किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदे गए माल एवं विदेशों से आयात हुए दलहन से बनाया गया है। राज्य सरकारों द्वारा दलहनों-दालों की खरीद किए जाने पर केन्द्र को बफर स्टॉक का बेहतर ढंग से संचालन करने में सहायता मिलेगी और राज्यों को भी फायदा होगा।