रमजान से पूर्व बांग्ला देश में होगी मसूर एवं खाद्य तेलों की सरकारी खरीद

07-Jan-2026 12:36 PM

ढाका। सरकारी खरीद के लिए गठित सलाहकार परिषद की समिति ने रमजान के पवित्र माह से पूर्व बांग्ला देश के घरेलू बाजार में आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की आपूर्ति एवं उपलब्धता बढ़ाने तथा कीमतों में तेजी को नियंत्रित करने के उद्देश्य से दाल-दलहन तथा खाद्य तेलों की खरीद के लिए दो अलग-अलग प्रस्तावों को स्वीकार कर लिया है। कल यानी 6 जनवरी 2026 को समिति की मीटिंग में इन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। 

समिति द्वारा स्वीकृत प्रस्ताव के तहत 10 हजार टन मसूर की खरीद का निर्णय लिया गया है। यह खरीद राष्ट्रीय स्तर पर सूची निविदा प्रक्रिया के माध्यम से होगी।

इसका इकाई मूल्य 71.87 टका प्रति किलो नियत किया गया है और इस तरह 10 हजार टन की खरीद पर कुल 71.87 करोड़ टका खर्च होगा।

वाणिज्य मंत्रालय द्वारा इस आशय का प्रस्ताव रखा गया था और चटगांव के एक मिलर को इसकी आपूर्ति के लिए चुना गया है। 

इसके अलावा समिति द्वारा 1,35,75000 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल के आयात को भी मंजूरी दी गई है। इस खाद्य तेल को प्रत्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय खरीद विधि के माध्यम से मंगाया जाएगा।

इसका इकाई मूल्य 131.47 टका प्रति लीटर नियत किया गया है और इसके आधार पर इसका कुल आयात खर्च 178.47 करोड़ टका बैठता है।

रिफाइंड सोयाबीन तेल का आयात थाईलैंड से होगा और इसके लिए प्राइम कॉर्प वर्ल्ड कम्पनी को अधिकृत किया गया है।

पहले राष्ट्रीय निविदा प्रक्रिया के जरिए भी रिफाइंड सोयाबीन तेल खरीदने का प्रस्ताव रखा गया था लेकिन बाद में इसे वापस ले लिया गया।